Kal ka mausam 27 March 2026: मार्च का महीना खत्म होने को है और आमतौर पर इस समय हल्की गर्मी का अहसास होने लगता है, लेकिन कुदरत के मिजाज कुछ और ही कह रहे हैं। एक तरफ जहां उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर फिर से शुरू होने वाला है, वहीं मैदानी इलाकों में आंधी और बारिश जारी है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में अलर्ट जारी किया है। जानें कल 27 मार्च को आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम का हाल।
कल दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम का हाल?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कल 27 मार्च को दिल्ली में आसमान ज्यादातर बादलों से ढका रहेगा। सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक की संभावना है। तापमान की बात करें तो न्यूनतम 17–19°C और अधिकतम 31–33°C के आसपास रह सकता है। इसके बाद 29 तारीख को दिल्ली-एनसीआर में आंधी और तेज हवाओं का असर रहेगा। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
यूपी से पंजाब तक बारिश-बिजली का अलर्ट
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आज और 28-29 मार्च को धूल भरी आंधी और बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी 27 से 30 मार्च के बीच मौसम बिगड़ने के आसार हैं।
हिमाचल-उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में 27 मार्च तक कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी होगी। लेकिन असली खेल 28 से 31 मार्च के बीच शुरू होगा, जब बारिश और बर्फबारी का दायरा काफी बढ़ जाएगा। 29 और 30 मार्च को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में तेज आंधी (40-50 किमी/घंटा) के साथ भारी मौसम बदल सकता है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में इस हफ्ते मानसून जैसा नजारा दिख सकता है। असम और मेघालय में कल 27 मार्च को 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भीषण आंधी और ओले गिरने की चेतावनी है। 27 से 29 मार्च के बीच यहां भारी बारिश भी हो सकती है।
बिहार-झारखंड में पड़ेंगे ओले
बिहार और झारखंड में 27 और 28 मार्च को ओले गिरने की संभावना है। वहीं, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों में 26 से 28 मार्च के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य और पश्चिम भारत: हल्की बूंदाबांदी का अनुमान
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिनों तक बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे और बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। विदर्भ में भी अगले 5 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा। गुजरात और सौराष्ट्र के इलाकों में 29 और 30 मार्च को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
केरल से गोवा तक बढ़ेगी गर्मी
दक्षिण भारत में मौसम दो रंगों में बंटा है। एक तरफ जहां केरल, कोंकण और गोवा में 26-27 मार्च को भीषण गर्मी और उमस परेशान करेगी, वहीं दूसरी तरफ तेलंगाना और कर्नाटक में बारिश और आंधी का अलर्ट है। 26 मार्च को उत्तर आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में ओले भी गिर सकते हैं।
आने वाले कुछ दिन मौसम के लिहाज से काफी संवेदनशील रहने वाले हैं। कहीं तेज बारिश और तूफान तो कहीं उमस और गर्मी, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह मानने की जरूरत है।