कल का मौसम: कल फिर बरसेंगे बादल! कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट

Kal ka mausam 16 March 2026: देश के अलग-अलग हिस्सों में 16 मार्च को मौसम अलग-अलग रूप दिखा सकता है। कहीं बारिश और तेज हवाओं की संभावना है तो कहीं गर्मी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है।

Priya Shandilya
अपडेटेड15 Mar 2026, 07:15 PM IST
कल 16 मार्च को देशभर में कैसा रहेगा मौसम
कल 16 मार्च को देशभर में कैसा रहेगा मौसम(PTI)

Kal ka mausam 16 March 2026: देश के अलग-अलग हिस्सों में सोमवार 16 मार्च 2026 को मौसम का मिजाज अलग दिखाई दे सकता है। कहीं बादल और हल्की बारिश की संभावना है, तो कहीं गर्मी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बादल, हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। वहीं पश्चिम और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में तापमान बढ़ने लगा है, जिससे लोगों को गर्मी महसूस होने लगी है। आइए जानते हैं कल आपके शहर और राज्य में कैसा रहेगा मौसम।

दिल्ली-एनसीआर में बूंदाबांदी

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 27-29°C और न्यूनतम तापमान 16-18°C के आसपास रहने का अनुमान है।

यूपी में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को मौसम बदला-बदला नजर आ सकता है। आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी और मध्य यूपी के कुछ इलाकों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज हो सकती है।

हिमाचल के कई इलाकों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम फिर बदल सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। पिछले डेढ़ महीने से सूखे जैसे हालात बने हुए थे, ऐसे में यह बारिश रबी की फसलों के लिए राहत लेकर आ सकती है। मौसम विभाग और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है। विभाग ने कई जगहों पर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है, जहां तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड में भी झमाझम बारिश

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई है। इससे राज्य में तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। देहरादून स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गर्मी

छत्तीसगढ़ में मार्च के महीने में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 40.5°C रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदल सकता है। बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय बना रहेगा। खासकर पूर्वोत्तर भारत, हिमालयी क्षेत्र और उत्तर भारत में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। IMD के अनुसार असम में 16-17 मार्च को कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश में 15 से 17 मार्च के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है।

अरुणाचल से त्रिपुरा तक बारिश की संभावना

पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अगले 5-6 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कुछ जगहों पर तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में गर्मी का असर बना रहेगा, लेकिन अगले 3-4 दिनों में वहां भी तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सकल का मौसम: कल फिर बरसेंगे बादल! कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट
More
होमट्रेंड्सकल का मौसम: कल फिर बरसेंगे बादल! कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट