
Kal ka mausam 30 March 2026: मार्च का आखिरी हफ्ता जाते-जाते एक बार फिर मौसम में बड़ी उथल-पुथल लेकर आया है। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों तक, बादलों ने डेरा डालना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की मानें तो अगले कुछ दिन घर से निकलते समय छाता साथ रखना समझदारी होगी, क्योंकि आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने की पूरी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन यानी 30 से 31 मार्च के बीच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान में बारिश, गरज-चमक और 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान का खतरा बढ़ जाता है।
उत्तर-पश्चिमी भारत में इस हफ्ते बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कल 30 मार्च को इन राज्यों में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। कश्मीर घाटी में 30 मार्च को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। हिमाचल और उत्तराखंड में भी बादल जमकर बरसेंगे। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है।
इसके अलावा 30-31 मार्च को मध्य भारत के हिस्सों में भी ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। यह मौसम खासकर किसानों के लिए चिंता बढ़ा सकता है।
पूर्वोत्तर भारत में इस हफ्ते लगातार बारिश का सिलसिला बना रहेगा। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 1 अप्रैल तक अच्छी खासी बारिश देखने को मिल सकती है। 30 मार्च से 1 अप्रैल के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक और तेज हवाओं का असर भी रहेगा, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
पूर्वी भारत में भी मौसम काफी एक्टिव रहने वाला है। पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है। खासकर 31 मार्च को बिहार और तटीय पश्चिम बंगाल में तेज तूफानी हवाएं (50-70 किमी/घंटा) चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है।
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 2 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रहेगा। 30 और 31 मार्च को कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मध्य महाराष्ट्र में 31 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30-50 किमी/घंटा (कभी-कभी 60 किमी/घंटा तक) की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मराठवाड़ा में यह असर थोड़ा लंबा रहेगा और यहां 2 अप्रैल तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
गुजरात में 30 मार्च और 2 अप्रैल को बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। इसके अलावा कोंकण और गोवा में 31 मार्च से 2 अप्रैल के बीच बिजली के साथ बारिश हो सकती है, जबकि मध्य महाराष्ट्र में 1 और 2 अप्रैल को भी गरज-चमक देखने को मिल सकती है। ओलावृष्टि की बात करें तो मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 30 और 31 मार्च को कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना है।
दक्षिण भारत में भी इस हफ्ते मौसम पूरी तरह सक्रिय रहने वाला है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तेलंगाना और कर्नाटक में 2 अप्रैल तक बारिश, बिजली और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। तमिलनाडु में खास तौर पर 31 मार्च को बिजली गिरने के साथ बारिश हो सकती है। वहीं तटीय कर्नाटक और केरल-माहे में 30 मार्च से 2 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा, जहां बीच-बीच में तेज हवाएं और गरज-चमक परेशानी बढ़ा सकती हैं।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
MoreOops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.