
Kal ka mausam 2 April 2026: अप्रैल की शुरुआत के साथ जहां लोग गर्मी बढ़ने की उम्मीद कर रहे थे, वहीं अभी भी बारिश का दौर जारी है। आज 1 अप्रैल 2026 से लेकर अगले 5-6 दिनों तक देश के कई हिस्सों में आंधी, बिजली और बारिश का दौर जारी रहने वाला है। अगर आप कहीं बाहर घूमने या काम से जाने का प्लान बना रहे हैं, तो पहले मौसम विभाग का पूर्वानुमान जान लें।
पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से 2 से 5 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। 3 और 4 अप्रैल को इसका असर सबसे ज्यादा रहेगा, जब बारिश के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कश्मीर घाटी में 3 अप्रैल को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कल 2 अप्रैल को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। अगले कुछ दिनों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में 3 से 5 अप्रैल के बीच मौसम तेजी से बदल सकता है। यहां 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ जगहों पर 60 किमी तक पहुंच सकती हैं। पश्चिम और पूर्वी यूपी में आंधी-तूफान की भी चेतावनी है, जिसमें हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना है। 3 और 4 अप्रैल को इन इलाकों में मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आ सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पूर्वी भारत के राज्यों बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी अलग-अलग दिनों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है। वहीं उत्तर-पूर्व भारत में असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है, कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
1 अप्रैल से 4 अप्रैल के बीच मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो कुछ जगहों पर 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं। वहीं 2 अप्रैल को तटीय महाराष्ट्र में बिजली गिरने का भी अलर्ट है।
2 और 3 अप्रैल को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50-60 किमी/घंटा रह सकती है, जो झोंकों में 70 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। इसके अलावा 3 अप्रैल तक मध्य महाराष्ट्र में और 3 अप्रैल को मराठवाड़ा में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
5 अप्रैल तक तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30-50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 60 किमी/घंटा तक पहुंचेंगी। केरल और माहे में 3 से 5 अप्रैल, जबकि रायलसीमा में 4 और 5 अप्रैल को बारिश का असर रहेगा।
केरल और माहे में 1-2 अप्रैल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 3-5 अप्रैल, जबकि तटीय कर्नाटक में 1-3 अप्रैल के बीच बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 4-5 अप्रैल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 5 अप्रैल को ओलावृष्टि की संभावना है।
वहीं मौसम विभाग ने गर्म और उमस भरे हालात का भी अलर्ट दिया है। केरल और माहे में 1-2 अप्रैल, तटीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में 2-4 अप्रैल, और ओडिशा में 1-4 अप्रैल तक उमस परेशान कर सकती है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.