कल का मौसम 5 मई: कल 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट! जानिए आपके राज्य में कल कैसा रहेगा मौसम

Kal ka mausam 5 May 2026: 5 मई को देश के 17 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी हुआ है। कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे परेशानी बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Priya Shandilya
अपडेटेड4 May 2026, 05:41 PM IST
कल 5 मई को देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल?
कल 5 मई को देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल? (PTI)

Kal ka mausam 5 May 2026: देशभर में इस वक्त मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कई राज्यों में प्रचंड गर्मी के बाद अब बादल मंडराने लगे हैं। देश के कई हिस्सों में अचानक आए इस बदलाव ने कहीं राहत दी है तो कहीं आफत। मौसम विभाग (IMD) की मानें तो कल, यानी 5 मई को देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश होने की संभावना है। अगर आप कल कहीं बाहर जाने या पहाड़ों पर घूमने का मन बना रहे हैं, तो पहले मौसम का हाल जान लीजिए।

कल 17 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

5 मई को देश के 17 राज्यों- यूपी, बिहार, झारखंड से लेकर तमिलनाडु और केरल तक मौसम बिगड़ा रहेगा। कई जगह मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज आंधी चल सकती है, जिसकी रफ्तार 70–75 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

कल दिल्ली का मौसम

देश की राजधानी दिल्ली में कल मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है। 5 मई को दिल्ली में बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आएगी। कल दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रह सकता है। 15-20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली ठंडी हवाएं उमस भरी गर्मी से राहत दिलाएंगी।

यूपी और बिहार में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के मेरठ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है। यहां मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं बिहार की बात करें तो पटना, गया और भागलपुर समेत कई जिलों में बिजली कड़कने के साथ बारिश होगी।

पूर्वोत्तर में बारिश-आंधी का सिलसिला जारी

पूर्वोत्तर भारत में मौसम पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 6 मई तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 5 से 7 मई के बीच कई इलाकों में बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। खासकर 5 मई को अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है।

बंगाल-बिहार-झारखंड में आंधी, बिजली और ओलों का खतरा

पूर्वी भारत में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। 5 से 8 मई के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि तटीय पश्चिम बंगाल में 6 से 8 मई तक बारिश का दौर जारी रहेगा। बिहार, झारखंड और ओडिशा में अलग-अलग दिनों पर बारिश के साथ 30–50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है। 5 मई को इन राज्यों में 50–70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चल सकती हैं, जिससे हालात और खराब हो सकते हैं। इसके अलावा 6 मई तक कुछ इलाकों में भारी बारिश और 4-5 मई को झारखंड व ओडिशा में ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है।

मध्य भारत में गरज-चमक

मध्य भारत में भी मौसम पूरी तरह एक्टिव बना हुआ है। 7 मई तक विदर्भ में और 6 से 8 मई तक मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। खासकर 5 मई को मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 50–70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।

दक्षिण में बारिश का जोर, कई राज्यों में अलर्ट

दक्षिण भारत में भी बारिश और तूफान का असर बना रहेगा। 8 मई तक केरल, माहे, तेलंगाना और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में गरज-चमक के साथ बारिश और 30–50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा 6 से 8 मई के बीच तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। 5 मई को यहां 50–70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है। वहीं, अगले 5 दिनों में तमिलनाडु, केरल और आसपास के इलाकों में कई जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।

पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के साथ तेज हवाओं का असर

जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 6 मई तक मौसम सक्रिय रहने वाला है, जहां हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। इस दौरान 30–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं उत्तराखंड में यह सिलसिला 8 मई तक जारी रह सकता है, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंडक और बढ़ेगी।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सकल का मौसम 5 मई: कल 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट! जानिए आपके राज्य में कल कैसा रहेगा मौसम
More