
Kal ka mausam 7 April 2026: देशभर के अधिकांश हिस्सों में इस बार अप्रैल के महीने में झमाझम बारिश देखने को मिल रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाले हैं। इसका सबसे ज्यादा असर 7 और 8 अप्रैल को देखने को मिलेगा। इसके कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है। तो अगर आप भी कल कहीं बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं तो पहले कल के मौसम के बारे में पढ़ लें।
मौसम विभाग के अनुसार, कल 7 अप्रैल को दिल्ली में आसमान ज्यादातर बादलों से ढका रहेगा। सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और 30-40 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। शाम से रात के बीच कुछ इलाकों में एक बार फिर हल्की बारिश और आंधी-तूफान का दौर देखने को मिल सकता है।
7 और 8 अप्रैल को मौसम और ज्यादा सक्रिय होगा। पंजाब और हरियाणा में गरज-चमक के साथ ओले गिरने की आशंका है। इसके अलावा 7-8 अप्रैल को हरियाणा में ओलावृष्टि का भी अलर्ट है।
उत्तर प्रदेश के लोगों को एक बार फिर मौसम की बेरुखी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 7 से 9 अप्रैल के बीच तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान कई जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया कि आठ अप्रैल को तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जबकि इसके बाद फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रविवार को बर्फबारी हुई तथा मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल के लिए राज्य में चार से पांच जिलों में ओलावृष्टि, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार और बुधवार को राज्य के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, ओलावृष्टि, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम केंद्र के अनुसार, आज 6 अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में दोपहर बाद एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। वहीं 7 अप्रैल को विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहेगा। इससे जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलेगी व कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। कई जगह मध्यम से तेज बारिश भी होगी।
कल 7 अप्रैल को गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू और कश्मीर दोनों संभागों में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी के आसार हैं। विभाग ने 07 और 08 अप्रैल को लेकर परामर्श जारी करते हुए चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश, ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही, तेज बारिश के कारण अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड), भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा भी जताया गया है।
पूर्वी भारत में भी अगले कुछ दिन मौसम खराब रहने वाला है। 6 अप्रैल को ओडिशा, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में ओले गिर सकते हैं। वहीं 6 और 8 अप्रैल के बीच बिहार और झारखंड में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही 7-8 अप्रैल को झारखंड और बिहार में तेज हवाओं के साथ तूफान भी आ सकता है।
पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 दिनों तक लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा। 6, 7, 9 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 8 अप्रैल को असम और मेघालय में, 9 अप्रैल को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में बारिश के आसार हैं।
दक्षिण भारत में भी 6 से 9 अप्रैल तक मौसम एक्टिव रहेगा। तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक में बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.