Kal ka mausam 29 March 2026: मार्च के आखिरी दिनों में जहां लोग गर्मी बढ़ने की उम्मीद कर रहे थे, वहीं मौसम ने अचानक करवट ले ली है। देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और यहां तक कि ओलावृष्टि का खतरा बन गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाला पूरा हफ्ता बारिश के साए में बीतने वाला है। 29 और 30 मार्च को मौसम का असर अपने चरम पर रह सकता है। चलिए जानते हैं कल देशभर में कैसा रहेगा मौसम।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिन मौसम खराब रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 29 से 31 मार्च के बीच दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी यूपी और राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 30-31 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा पंजाब में 30 मार्च तक भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है, जहां हवाएं 40-50 किमी/घंटा तक चल सकती हैं।
हिमाचल-उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग की मानें तो 29 से 30 मार्च के बीच हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कश्मीर घाटी में 30 मार्च को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड फिर से बढ़ सकती है।
नॉर्थ-ईस्ट में लगातार बारिश का दौर
पूर्वोत्तर राज्यों में इस हफ्ते लगभग हर दिन बारिश देखने को मिल सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं (30-60 किमी/घंटा) चल सकती हैं। कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी चेतावनी है, जिससे स्थानीय स्तर पर परेशानी बढ़ सकती है।
बिहार-बंगाल में आंधी, बिजली और ओले
पूर्वी भारत में मौसम काफी एक्टिव रहने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 31 मार्च तक बिहार में मध्यम बारिश, गरज, बिजली और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है। वहीं, झारखंड में 29 मार्च और 31 मार्च से 2 अप्रैल के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। ओडिशा में 28 मार्च से 1 अप्रैल के बीच मध्यम से भारी बारिश की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक 28 मार्च से 1 अप्रैल के दौरान पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज, बिजली और तेज हवाओं (30-50 किमी प्रति घंटा, 60 किमी प्रति घंटा तक के झोंके) के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में भी असर दिखेगा
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। 30 मार्च को कुछ इलाकों में ओले गिरने की संभावना भी जताई गई है।
महाराष्ट्र-गुजरात में भी बदलेगा मौसम
पश्चिम भारत के राज्यों जैसे महाराष्ट्र और गुजरात में भी बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा। 29 से 31 मार्च के बीच यहां मौसम खराब रह सकता है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में ओलावृष्टि का खतरा भी बताया गया है, जिससे किसानों को नुकसान हो सकता है।
दक्षिण में भी नहीं मिलेगी राहत
दक्षिण भारत में भी मौसम पूरी तरह शांत नहीं रहेगा। केरल-माहे में 29-30 मार्च को बारिश के आसार हैं, जबकि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और रायलसीमा में 29 मार्च से 1 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। तमिलनाडु में 29 मार्च को और तटीय इलाकों में 30 मार्च से बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।