कल का मौसम: उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। कहीं बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है, तो कहीं बर्फबारी और शीतलहर ने जनजीवन को प्रभावित किया है। दिल्ली से लेकर हिमाचल, कश्मीर, यूपी, बिहार और उत्तराखंड तक मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। आइए जानते हैं कल किस राज्य में कैसा रहेगा मौसम का हाल।
दिल्ली में 25 जनवरी को कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में शनिवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही वायु गुणवत्ता में हल्का सुधार देखने को मिला। हालांकि, एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के मुताबिक अगले दो दिन तक हवा ‘खराब’ श्रेणी में ही रहेगी, जबकि इसके बाद हालात ‘बहुत खराब’ तक जा सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, कल सुबह के समय बादल और हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा और 10–20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
यूपी में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में 27 और 28 जनवरी को कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, कल 25 जनवरी को लखनऊ में अधिकतम तापमान 22°C और न्यूनतम 8°C रह सकता है।
बिहार में कोहरा और ठंड बढ़ाएगी परेशानी
बिहार के कई जिलों में अगले 24 घंटे में मौसम बिगड़ सकता है। पूर्णिया, किशनगंज, अररिया और कटिहार में घना कोहरा, जबकि दरभंगा और मधुबनी में शीतलहर चलने की संभावना है। पटना में कल अधिकतम तापमान 24°C और न्यूनतम तापमान 13°C रह सकता है।
उत्तराखंड में हिमस्खलन का अलर्ट
रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (DGRI), चंडीगढ़ ने उत्तराखंड के ऊंचे हिमालयी इलाकों में हिमस्खलन की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। यह अलर्ट 24 जनवरी शाम 5 बजे से 25 जनवरी शाम 5 बजे तक लागू रहेगा। इसके बाद आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बारिश, बर्फबारी और कोहरे की स्थिति को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जन सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने तथा अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।
जनपद उत्तरकाशी में 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा स्तर-2 (येलो) दर्शाया गया है। वहीं जनपद चमोली में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में खतरा स्तर-3 (ऑरेंज) अंकित किया गया है। इसके अतिरिक्त रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ एवं बागेश्वर जनपदों में 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हिमस्खलन खतरा स्तर-2 (येलो) बताया गया है।
उत्तराखंड में 27–28 जनवरी को तेज हवा के साथ बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
राजस्थान में बारिश के बाद लौटी कड़ाके की सर्दी
राजस्थान में हाल की बारिश के बाद फिर से तेज ठंड पड़ने लगी है। बीते 24 घंटे में कई इलाकों में अति शीत दिवस और अति शीतलहर दर्ज की गई है। आने वाले एक-दो दिन मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन उत्तरी हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट संभव है। वहीं, 26–27 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
हिमाचल में बर्फबारी की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के चलते 2 राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 565 सड़कें बंद किए गए थे और करीब 4,800 बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए। मौसम विभाग ने कल यानी 25 जनवरी को ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी जारी रहने की चेतावनी दी है।
कश्मीर में कल कैसा रहेगा मौसम
कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी के बाद मौसम में सुधार आया है और श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानें बहाल कर दी गई हैं। हालांकि, रविवार को हल्की बारिश-बर्फबारी और सोमवार को एक और पश्चिमी विक्षोभ के असर की संभावना है। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है।