
Kal ka mausam 3 April 2026: अप्रैल की शुरुआत इस बार मौसम के बदले हुए तेवर के साथ हो रही है। कहीं बारिश तो कहीं आंधी-तूफान का अलर्ट जारी है। खास बात ये है कि इस हफ्ते उत्तर-पश्चिम भारत में एक नहीं, बल्कि दो-दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहे हैं। इसका सीधा असर ये होगा कि कई राज्यों में धूल भरी आंधी, कड़कती बिजली और तेज बारिश देखने को मिल सकती है।
इस हफ्ते 3-4 अप्रैल और फिर 7 अप्रैल को दो मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव रहेंगे। इनकी वजह से उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना काफी बढ़ गई है। 3 और 4 अप्रैल को कश्मीर घाटी में भारी बारिश का अलर्ट है, वहीं कई इलाकों में ओले गिर सकते हैं।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 3 और 4 अप्रैल को मौसम अचानक खराब हो सकता है। इन दिनों 50 से 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज आंधी, बिजली और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इसी दौरान ओले गिरने की संभावना भी है। 7 और 8 अप्रैल को इन इलाकों में फिर से हल्की से मध्यम बारिश और 40-50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी हिस्से में 3 अप्रैल को हल्की बारिश और आंधी आ सकती है, जबकि 4 और 5 अप्रैल को 50-70 किमी/घंटा की तेज आंधी और ओलावृष्टि का खतरा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 अप्रैल को ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 3 से 6 अप्रैल के बीच मौसम काफी एक्टिव रहने वाला है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40-50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं। 3 और 4 अप्रैल को इन राज्यों में 50 से 70 किमी/घंटा तक की तेज आंधी का भी खतरा है, वहीं 4 अप्रैल को उत्तराखंड और 3-4 अप्रैल को हिमाचल में ओले गिरने की संभावना है। इसके बाद 7 और 8 अप्रैल को एक और नया सिस्टम एक्टिव होगा, जिससे इन दोनों राज्यों में फिर से बारिश, बर्फबारी और तेज हवाएं देखने को मिलेंगी।
जम्मू-कश्मीर में 3 और 4 अप्रैल को तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश या बर्फबारी का असर रहेगा। यहां हवा की रफ्तार 50 से 70 किमी/घंटा तक जा सकती है। साथ ही 3, 4 और 7 अप्रैल को ओलावृष्टि का भी खतरा बना हुआ है। 7 और 8 अप्रैल को यहां एक बार फिर मौसम बिगड़ेगा और बारिश या बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चलेंगी।
पूर्वोत्तर भारत में इस हफ्ते मौसम काफी एक्टिव रहने वाला है। अरुणाचल प्रदेश में 4 और 5 अप्रैल को बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। इसके बाद 6 से 8 अप्रैल के बीच यहां एक बार फिर भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
असम और मेघालय में 2 से 6 अप्रैल तक लगातार बारिश, आंधी और बिजली का असर देखने को मिल सकता है, जबकि 2, 5 और 6 अप्रैल को कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 2 से 4 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 5 से 7 अप्रैल के बीच मौसम बदलेगा, जहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। झारखंड में 4 अप्रैल को बारिश और आंधी की संभावना है, जबकि 5 और 6 अप्रैल को यहां 50 से 70 किमी/घंटा की तेज आंधी (थंडरस्क्वॉल) चल सकती है। ओडिशा में अगले 5 दिनों तक (लगभग 2 से 6 अप्रैल) हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
बिहार में 5 से 8 अप्रैल के बीच मौसम काफी खराब रह सकता है। इस दौरान 50 से 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज आंधी, बिजली और बारिश का खतरा बना रहेगा।
मध्य भारत में अगले 5 दिनों यानी लगभग 2 से 6 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30-50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 3 और 4 अप्रैल को तेज आंधी (50-70 किमी/घंटा) चल सकती है। वहीं पूरे मध्य प्रदेश में 2 से 4 अप्रैल के बीच ओलावृष्टि का खतरा है, जबकि छत्तीसगढ़ में 4 अप्रैल को ओले गिर सकते हैं।
पश्चिम भारत में भी मौसम बदला रहेगा। गुजरात में 2 और 3 अप्रैल को बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मध्य महाराष्ट्र में 4 अप्रैल को और मराठवाड़ा में 4 और 5 अप्रैल को बारिश के साथ 40-60 किमी/घंटा की हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा 3 अप्रैल को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में तेज आंधी (50-70 किमी/घंटा) और कहीं-कहीं ओले गिर सकते हैं।
दक्षिण भारत में केरल और माहे में 2 से 5 अप्रैल तक बारिश, बिजली और 30-60 किमी/घंटा की हवाएं चलेंगी। आंध्र प्रदेश (तटीय क्षेत्र), यनम, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में 2 से 6 अप्रैल के बीच मौसम सक्रिय रहेगा। रायलसीमा में 5 और 6 अप्रैल को बारिश का असर दिखेगा। तटीय कर्नाटक में 2 से 4 अप्रैल और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराईकल में 3 से 6 अप्रैल के बीच बिजली गिरने की संभावना है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.