कल का मौसम: 26 जनवरी को कहीं बारिश तो कहीं शीतलहर का अलर्ट! जानें दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम

Kal ka mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम का असर दिख रहा है। दिल्ली में हवा साफ हुई है, यूपी में शीतलहर की चेतावनी है, हिमाचल में बर्फबारी के आसार हैं और कई जगह भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जानें कल गणतंत्र दिवस पर कैसा रहेगा देशभर में मौसम का हाल।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड25 Jan 2026, 07:32 PM IST
दिल्ली में कोहरे की संभावना जताई गई है, जानें कल देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल?
दिल्ली में कोहरे की संभावना जताई गई है, जानें कल देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल?(HT)

Kal ka mausam: 26 जनवरी से ठीक पहले कई राज्यों में मौसम ने करवट ली। अब कल यानी गणतंत्र दिवस पर अलग-अलग इलाकों में फिर बारिश, कोहरे और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश, हिमाचल, तमिलनाडु और राजस्थान तक अलग-अलग राज्यों के मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है।

गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में दो दिन पहले हुई बारिश के बाद वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है। रविवार सुबह नौ बजे राजधानी का AQI 150 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम है। मौसम विभाग के मुताबिक दिन में आंशिक बादल रहेंगे, 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और रात में कोहरे की संभावना बनी रहेगी। अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री रह सकता है।

उत्तर प्रदेश के 21 जिलों में शीतलहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने 26 जनवरी को उत्तर प्रदेश के 21 जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें गोरखपुर, देवरिया, प्रयागराज, अयोध्या, झांसी, रामपुर, मैनपुरी, आजमगढ़, आगरा, रायबरेली, अलीगढ़ और मथुरा जैसे जिले शामिल हैं। तेज हवाओं के साथ ठंड बढ़ने की आशंका है, खासकर सुबह के वक्त लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में 26 से 28 जनवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट पर रखा है और आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों को 24 घंटे तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

तमिलनाडु में बारिश के आसार

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर तटीय तमिलनाडु में भी बारिश के आसार हैं। 26 जनवरी तक न्यूनतम तापमान सामान्य से 2–3 डिग्री ज्यादा रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 27 जनवरी से मौसम के शुष्क होने की संभावना है।

राजस्थान में ठंड का कहर जारी

राजस्थान के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड बनी हुई है। शेखावाटी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में शीतलहर की स्थिति रह सकती है। 26 और 27 जनवरी को नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सकल का मौसम: 26 जनवरी को कहीं बारिश तो कहीं शीतलहर का अलर्ट! जानें दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सकल का मौसम: 26 जनवरी को कहीं बारिश तो कहीं शीतलहर का अलर्ट! जानें दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम