कल का मौसम: सावधान! दिल्ली से यूपी तक कई राज्यों में लू का अलर्ट, चेक कर लें कल आपके शहर में मौसम का हाल

Kal ka mausam 23 April 2026: 23 अप्रैल के मौसम में देश के कई हिस्सों में लू का अलर्ट है, जबकि पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बारिश, तूफान और तेज हवाएं चल सकती हैं। कई जगहों पर भारी बारिश और आंधी का खतरा है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड22 Apr 2026, 06:54 PM IST
कल 23 अप्रैल को देशभर में मौसम का हाल
कल 23 अप्रैल को देशभर में मौसम का हाल(ANI)

Kal ka mausam 23 April 2026: देश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। कहीं तेज गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है, तो कहीं बारिश और आंधी-तूफान से हालात बदल रहे हैं। 23 अप्रैल को भी मौसम का यही मिला-जुला रूप देखने को मिलेगा, जिससे लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।

मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले 4-5 दिनों के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है, जिसमें भीषण गर्मी और लू की चेतावनी दी गई है। अगर आप कल यानी 23 अप्रैल को घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो वेदर अपडेट एक बार जरूर चेक कर लें।

दिल्ली में कल का मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कल 23 अप्रैल को दिल्ली में मौसम साफ रहेगा। तापमान 41-43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। IMD के अनुसार दिल्ली में 24 अप्रैल से भीषण लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। वहीं 25 अप्रैल से आसमान में बादल छाए रहेंगे। फिर 26 से 28 अप्रैल के बीच दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश और 30-40 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

उत्तर और मध्य भारत में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों में अगले 4-5 दिनों तक लू चलने की संभावना है। दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा, यूपी और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में तापमान काफी बढ़ सकता है। ऐसे में दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और खूब पानी पीने की सलाह दी गई है।

यूपी में लू से लोग बेहाल

उत्तर प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर है। कई शहरों में तापमान 40-45°C तक पहुंच रहा है और 22 से 26 अप्रैल के बीच भीषण लू का असर बना रह सकता है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा और मेरठ में गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं, इसलिए दोपहर में बाहर निकलने से बचना बेहतर है।

बिहार में फिर राहत की उम्मीद

बिहार में 23 अप्रैल तक लू का असर रहेगा, लेकिन इसके बाद मौसम करवट ले सकता है। अगले कुछ दिनों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है, साथ ही 50-60 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे गर्मी थोड़ी कम हो सकती है, हालांकि पटना में तापमान 41°C तक पहुंच सकता है।

पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 से 28 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं 26 से 28 अप्रैल के बीच पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

पूर्वी भारत में भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वी भारत के कई हिस्सों में 28 अप्रैल तक मौसम बदला-बदला नजर आएगा। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 28 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं तटीय पश्चिम बंगाल में 24 से 28 अप्रैल, झारखंड में 24 से 26 अप्रैल और ओडिशा में 22 से 26 अप्रैल तक ऐसे ही मौसम की संभावना है।

तेज आंधी और तूफान का अलर्ट

25 अप्रैल को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 50-70 किमी/घंटा की तेज हवाओं के साथ आंधी चल सकती है। वहीं बिहार में 24 से 26 अप्रैल और तटीय पश्चिम बंगाल में 26-27 अप्रैल के दौरान तेज आंधी-तूफान का खतरा बना रहेगा।

दक्षिण और पश्चिम भारत: ओलावृष्टि की संभावना

दक्षिण भारत के कर्नाटक, केरल और तेलंगाना में 26 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने के आसार हैं। उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 22 और 23 अप्रैल को ओले गिर सकते हैं। वहीं पश्चिम भारत की बात करें तो महाराष्ट्र के मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा इलाकों में भी 24 अप्रैल तक ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सकल का मौसम: सावधान! दिल्ली से यूपी तक कई राज्यों में लू का अलर्ट, चेक कर लें कल आपके शहर में मौसम का हाल
More