Kal ka mausam: दिल्ली-यूपी में अभी ठंड से नहीं मिलेगी राहत, J&K में बर्फबारी के आसार, जानें कल कैसा रहेगा मौसम का हाल

Kal ka mausam: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ रहा है। कहीं ठंड और कोहरे से राहत की उम्मीद है, तो कहीं बारिश और बर्फबारी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड14 Jan 2026, 09:13 PM IST
कल का मौसम कैसा रहेगा?
कल का मौसम कैसा रहेगा?(HT)

Kal ka mausam: देशभर में ठंड का प्रकोप जारी है, लेकिन अब लग रहा है कि धीरे-धीरे मौसम का मिजाज बदलने लगा है। कहीं शीतलहर और कोहरे का असर बना हुआ है तो कहीं तापमान में हल्की बढ़ोतरी से राहत की उम्मीद दिख रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों का हाल बताते हुए अलग-अलग राज्यों का पूर्वानुमान जारी किया है।

दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह भीषण शीतलहर और अचानक छाए घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। मौसम विभाग का कहना है कि ठंड का यह प्रकोप अभी बना रह सकता है। रात और सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में आसमान ज्यादातर साफ रह सकता है। दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक करीब 360 के आसपास रहा, जिससे हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। कुछ इलाकों में एक्यूआई 400 के करीब भी पहुंच गया।

यूपी में शीतलहर का असर बरकरार

उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है। लखनऊ में बुधवार को इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। पश्चिमी यूपी में रात के तापमान में गिरावट के कारण शीतलहर और पाले की स्थिति बनी हुई है, हालांकि दिन में मौसम कुछ हद तक सुहावना रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आगामी 48 घंटों में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन 15 जनवरी के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। 18 जनवरी से कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड और बर्फबारी का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर में ठंड अपने चरम पर है। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में न्यूनतम तापमान -7 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि कुपवाड़ा और पहलगाम में भी शून्य से नीचे तापमान दर्ज किया गया। फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन 16-17 जनवरी से बदलाव के संकेत हैं। 18 जनवरी से ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। वहीं 19 से 21 जनवरी के बीच एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई जगहों पर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

पश्चिम बंगाल में ठंड से राहत के संकेत

पश्चिम बंगाल में अब ठंड से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूच बिहार जैसे उप-हिमालयी जिलों में घना कोहरा रह सकता है, जबकि बाकी हिस्सों में हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिलेगा।

दक्षिण भारत में मौसम का हाल

दक्षिण भारत में खासकर दक्षिण तमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून अभी सक्रिय है, लेकिन हालात धीरे-धीरे इसके समाप्त होने के अनुकूल बन रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि यह मानसून आमतौर पर दिसंबर के अंत तक लौट जाता है, लेकिन इस बार जनवरी तक खिंच गया। अब जब बंगाल की खाड़ी में बना दबाव तंत्र कमजोर होकर श्रीलंका के तट को पार कर चुका है, तो अगले तीन दिनों में मानसून की विदाई की संभावना है।

अगले एक हफ्ते के अनुमान के अनुसार, तमिलनाडु के पश्चिमी घाट जिलों में अगले दो दिनों तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 20 जनवरी तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में शुष्क मौसम रहने की उम्मीद है।

विथ इनपुट्स फ्रॉम एजेंसीज

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सKal ka mausam: दिल्ली-यूपी में अभी ठंड से नहीं मिलेगी राहत, J&K में बर्फबारी के आसार, जानें कल कैसा रहेगा मौसम का हाल
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सKal ka mausam: दिल्ली-यूपी में अभी ठंड से नहीं मिलेगी राहत, J&K में बर्फबारी के आसार, जानें कल कैसा रहेगा मौसम का हाल