कल का मौसम: मार्च में मई जैसा एहसास! दिल्ली में चढ़ेगा पारा, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानें कल का मौसम

Kal ka mausam 8 March 2026: मार्च की शुरुआत में ही देश के कई राज्यों में गर्मी बढ़ने लगी है। वहीं कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए अलग-अलग मौसम अपडेट जारी किए हैं।

Priya Shandilya
अपडेटेड7 Mar 2026, 08:14 PM IST
कल 8 मार्च को देशभर में मौसम का मिजाज कैसा रहेगा, जानें पूर्वानुमान
कल 8 मार्च को देशभर में मौसम का मिजाज कैसा रहेगा, जानें पूर्वानुमान (HT)

Kal ka mausam 8 March 2026: देश के कई हिस्सों में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में दिन के समय तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल होने लगा है और तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में गर्मी और भी बढ़ सकती है। हालांकि कुछ राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है, जिससे मौसम में थोड़ी राहत मिल सकती है।

नया पश्चिमी विक्षोभ बदलेगा मौसम का मिजाज

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 9 से 11 मार्च के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसके असर से पश्चिमी हिमालयी इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इससे पहाड़ी इलाकों में तापमान में थोड़ा बदलाव आ सकता है।

दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में भी गर्मी धीरे-धीरे बढ़ती दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 8 मार्च को दिल्ली में मौसम साफ रहेगा और तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कई जगहों पर तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं 9 और 10 मार्च को आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं।

उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी से लोग परेशान

उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का असर साफ दिखने लगा है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में दोपहर की धूप तेज महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में तापमान 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक सामान्य से अधिक रह सकता है। हालांकि 9 और 10 मार्च के आसपास पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बिहार में बारिश का अनुमान

बिहार में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 मार्च को राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि इसके बावजूद तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना जताई गई है।

हिमाचल में तापमान सामान्य से काफी ऊपर

हिमाचल प्रदेश में भी मौसम का मिजाज थोड़ा असामान्य बना हुआ है। IMD के मुताबिक अगले कुछ दिनों में यहां दिन का तापमान सामान्य से 8 से 12 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। हालांकि 7 से 13 मार्च के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम विभाग ने 7 और 8 मार्च को कुछ जगहों पर हीटवेव जैसी स्थिति का भी पूर्वानुमान जारी किया है।

इन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना

मौसम विभाग ने पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में भी बारिश की संभावना जताई है। अनुमान के मुताबिक ओडिशा में 7 से 9 मार्च, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 से 10 मार्च, बिहार में 9 और 10 मार्च, और झारखंड में 9 से 11 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। इस दौरान कई इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान भी है।

महाराष्ट्र से आंध्र प्रदेश तक हीटवेव का खतरा

जहां एक तरफ कुछ राज्यों में बारिश की संभावना है, वहीं दूसरी तरफ कई इलाकों में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। IMD ने हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हीटवेव जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो मार्च के शुरुआती दिनों में ही तापमान बढ़ना आने वाले महीनों में तेज गर्मी का संकेत हो सकता है।

देश के कई हिस्सों में मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम तेजी से बदलता नजर आ रहा है। कहीं तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सकल का मौसम: मार्च में मई जैसा एहसास! दिल्ली में चढ़ेगा पारा, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानें कल का मौसम
More