
Kal ka mausam 13 March 2026: एक तरफ जहां पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक गुजरात और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में अगले दो दिन तक हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है। वहीं पूर्वोत्तर भारत और हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर वालों के लिए राहत की खबर फिलहाल नहीं है। मार्च के महीने में ही सूरज आग उगलने लगा है और गर्मी ने जून-जुलाई की याद दिला दी है। गुरुवार को दिल्ली में इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया जा सकता है, जहां पारा 36°C को पार करने की तैयारी में है। कल 13 मार्च शुक्रवार को आसमान साफ रहने का अनुमान जताया गया है। कल अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम 17°C रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 मार्च को गुजरात के कुछ इलाकों में लू से लेकर भीषण हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है। खासकर सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा गुजरात के बाकी हिस्सों में भी इन दो दिनों में हीटवेव की स्थिति देखने को मिल सकती है। सिर्फ गुजरात ही नहीं, बल्कि दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में भी 12 और 13 मार्च को कुछ स्थानों पर तेज लू चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने कुछ अन्य राज्यों के लिए भी गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की है। जहां आज 12 मार्च को विदर्भ के कुछ हिस्सों में हीटवेव का पूर्वानुमान जताया गया था, वहीं 13 और 14 मार्च को हिमाचल प्रदेश और उत्तर कोंकण में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा गुजरात के तटीय इलाकों, तटीय कर्नाटक और केरल में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना जताई गई है।
जहां पश्चिम भारत में गर्मी का असर रहेगा, वहीं पूर्वोत्तर भारत में मौसम बिल्कुल उलट नजर आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 12 से 18 मार्च के बीच पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 13 मार्च को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा असम और मेघालय में 12 से 15 मार्च के बीच भारी बारिश का अनुमान है।
पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 12 से 16 मार्च के बीच बारिश की संभावना है और 12-13 मार्च को भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा बिहार, झारखंड और तटीय पश्चिम बंगाल में भी अलग-अलग दिनों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा में भी 15 से 17 मार्च के बीच बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।
मौसम विभाग ने कई राज्यों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी चेतावनी दी है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 14 से 16 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इन हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।
मध्य भारत के कई राज्यों में भी अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 13 से 16 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-बिजली की संभावना है। इसके अलावा पूर्व और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी 15 और 16 मार्च को मौसम खराब रह सकता है।
दक्षिण भारत में भी कुछ जगहों पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक तेलंगाना में 15 और 16 मार्च को आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश और यनम में 16 से 18 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। रायलसीमा क्षेत्र में भी 17 और 18 मार्च को इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है।
अगले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में अलग-अलग बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अगले 24 घंटों में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत में अगले दो दिनों में तापमान 4 से 5 डिग्री तक कम हो सकता है।
काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वॉटर (CEEW) के फेलो डॉ. विश्वास चितले ने आगाह किया है कि इस साल मार्च की शुरुआत में ही तापमान का बढ़ना एक गंभीर चेतावनी है। दिल्ली जैसे शहरों में पारा सामान्य से 7 डिग्री तक ऊपर जा चुका है।
उन्होंने कहा, भारत के लगभग 57 प्रतिशत जिले भीषण गर्मी की श्रेणी में हैं, जहां देश की 76 प्रतिशत आबादी रहती है। समय से पहले और लंबे समय तक रहने वाली यह गर्मी न केवल स्वास्थ्य, बल्कि लोगों की आजीविका और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी भारी नुकसान पहुंचाएगी।
अब इंतजार करने का समय नहीं है। प्रशासन को तुरंत हीट एक्शन प्लान तैयार करने, सार्वजनिक दिशा-निर्देश जारी करने और समाज के सबसे कमजोर वर्ग की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.