कल का मौसम: अगले दो दिन बारिश-बर्फबारी का अलर्ट! यूपी में शीतलहर की चेतावनी, जानें कल कैसा रहेगा मौसम

Kal ka mausam: उत्तर भारत में कहीं बारिश तो कहीं बर्फबारी हो रही है। इस वजह से कई राज्यों में ठंड बढ़ गई है। कई जगह सड़कें बंद हैं, कुछ इलाकों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही रह सकता है।

Priya Shandilya( विद इनपुट्स फ्रॉम वार्ता)
पब्लिश्ड23 Jan 2026, 07:51 PM IST
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में शुक्रवार को बर्फबारी के दौरान सड़क पर चलते दो लोग।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में शुक्रवार को बर्फबारी के दौरान सड़क पर चलते दो लोग।(PTI)

Kal ka mausam: मौसम ने एक बार फिर उत्तर भारत में लोगों की दिनचर्या उलट-पुलट कर दी है। कहीं पहाड़ों पर बर्फ की मोटी चादर बिछ गई, तो कहीं मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश और ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। शुक्रवार को दिल्ली से लेकर कश्मीर और उत्तराखंड तक मौसम बदला हुआ नजर आया। इस बीच आइए जानें कल कैसा रहेगा देशभर में मौसम का हाल।

अगले दो दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना

उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में शुक्रवार को मौसम ने करवट ले ली है। कश्मीर घाटी, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में हिमपात हुआ, जबकि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश देखने को मिली। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे तक पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का सिलसिला बना रह सकता है।

दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा

दिल्ली एनसीआर में शुक्रवार को हुई बारिश ने ठंड और बढ़ा दिया है। घने बादल और ठंडी हवाओं की वजह से अधिकतम तापमान में साफ गिरावट दर्ज की गई। पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई इलाकों में मध्यम बारिश हुई, जिससे प्रदूषण में थोड़ी राहत तो मिली, लेकिन सड़कों पर जलभराव के कारण दफ्तर जाने वालों को भारी जाम झेलना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में बारिश कम हो सकती है लेकिन बादल छाए रह सकते हैं। वहीं उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलने से दिल्ली और आसपास के राज्यों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।

यूपी में शीतलहर की चेतावनी

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शनिवार को बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। हालांकि, आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती है। इसके साथ उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बनने की चेतावनी भी जारी की गई है।

पंजाब-हरियाणा-राजस्थान में 24 जनवरी का मौसम

पंजाब, हरियाणा में शनिवार को बारिश कम होने का अनुमान है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा लौटने का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है।

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

ताजा बर्फबारी के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई अहम सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गई हैं। नवयुग सुरंग के आसपास भारी बर्फ जमा होने के कारण दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही रोकी गई है। इसके अलावा मुगल रोड, एसएसजी रोड और सिंथन रोड भी बंद हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सड़कें पूरी तरह साफ और सुरक्षित घोषित होने तक यात्रा न करें।

उत्तराखंड में स्कूल बंद, येलो अलर्ट जारी

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में खराब मौसम और बर्फबारी को देखते हुए शनिवार 24 जनवरी को सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के मुताबिक, कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। पर्यटकों और पर्वतारोहियों को ऊंचाई वाले इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में आपदा नियंत्रण कक्ष 1077 पर संपर्क करने को कहा गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी पश्चिमी विक्षोभ का असर पहाड़ी राज्यों में बना रहेगा, हालांकि इसकी तीव्रता कुछ कम हो सकती है। उत्तराखंड के कई जिलों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 26 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सकल का मौसम: अगले दो दिन बारिश-बर्फबारी का अलर्ट! यूपी में शीतलहर की चेतावनी, जानें कल कैसा रहेगा मौसम
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सकल का मौसम: अगले दो दिन बारिश-बर्फबारी का अलर्ट! यूपी में शीतलहर की चेतावनी, जानें कल कैसा रहेगा मौसम