
Kal ka mausam 6 March 2026: मार्च की शुरुआत होते ही कई राज्यों में गर्मी का असर दिखने लगा है, वहीं कुछ इलाकों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार भी बन रहे हैं। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रह सकता है। इसके साथ ही पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। चलिए जानते हैं कल 6 मार्च को देशभर में कैसा रहेगा मौसम।
मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 4 से 6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रह सकता है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम से सटे मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहने की संभावना है। इसका मतलब है कि कई शहरों में दिन के समय गर्मी का एहसास सामान्य से ज्यादा होगा। खासतौर पर दोपहर के समय धूप तेज महसूस हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 6 मार्च को दिल्ली में मौसम ज्यादातर साफ रहने वाला है। दिन में तेज धूप रहने की संभावना है। तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान लगभग 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
आईएमडी के मुताबिक 6 मार्च को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों हिस्सों में मौसम पूरी तरह सूखा रहेगा। किसी तरह की बारिश या आंधी की चेतावनी जारी नहीं की गई है। यानी पूरे प्रदेश में मौसम सामान्य और साफ रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसके प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम बदल सकता है।
जम्मू-कश्मीर: यहां 5 से 11 मार्च तक हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 7 तारीख से यहां गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।
हिमाचल प्रदेश: यहां 7 से 11 मार्च के बीच मौसम करवट लेगा और हल्की बारिश/बर्फबारी की संभावना है।
उत्तराखंड: यहां 8 से 11 मार्च के दौरान कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है।
राहत की बात यह है कि पहाड़ों पर इस सिस्टम की वजह से अगले 2 दिनों के बाद तापमान में 4-6°C की गिरावट आएगी, जिससे वहां मौसम सुहावना बना रहेगा।
मैदानी और पहाड़ी इलाकों के अलावा देश के पूर्वी हिस्सों में भी मौसम बिगड़ने वाला है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी तटीय इलाकों के लिए गर्मी को लेकर भी चेतावनी जारी की है। कोंकण क्षेत्र में 5 मार्च को कुछ जगहों पर लू जैसी स्थिति बन सकती है। इसके अलावा गुजरात के तटीय इलाकों में 5 और 6 मार्च को गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। कोंकण क्षेत्र में 6 और 7 मार्च को भी उमस और गर्मी का असर महसूस किया जा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान के रुख में भी कुछ बदलाव देखने को मिलेंगे। महाराष्ट्र के अंदरूनी इलाकों में अगले 24 घंटों के बाद तापमान में 2-3°C की बढ़ोतरी होने वाली है। गुजरात में अगले दो दिनों तक तापमान थोड़ा गिरेगा, लेकिन उसके बाद फिर से चढ़ना शुरू हो जाएगा। कोंकण और गोवा में भी अगले तीन दिनों तक मामूली गिरावट के बाद गर्मी फिर से वापसी करेगी। देश के बाकी हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.