
Kal Ka Mausam, 17 February 2026: ठंड की भले ही विदाई हो गई हो, लेकिन इसकी फिर से वापसी हो सकती है। कल यानी 18 फरवरी को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों में बारिश का अनुमान जताया है। वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो सकती है। अहम बात यह है कि ठंड के बीच होने वाली बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान बढ़ेगा। मौसम विभाग के मुताबकि, एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इससे हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही बर्फबारी भी हो सकती है। इधर उत्तर भारत के राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। आइये जानते हैं आपके इलाके में कैसा रहेगा मौसम का हाल।
मौजूदा समय में दिल्ली में पारा बढ़ गया है। दिन में ठंड की पूरी तरह से छुट्टी हो गई है। तेज धूप निकल रही है। इधर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में न्यूतम तापमान में गिरावट आ सकती है। दिल्ली में अगले दिन बारिश हो सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने 18 फरवरी को बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जताया है, 18 फरवरी को दोपहर बाद बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। जिससे दिन काफी गर्म और रात एवं सुबह सर्द रहेंगे। हालांकि, अभी सर्दी से बचाव की जरूरत है। लिहाजा, सुबह और शाम घर से बाहर निकलने पर गर्म कपड़ों का सहारा लें।
फिलहाल, दिनभर हल्की हवाओं के चलने के कारण प्रदूषण के स्तर में मामूली गिरावट देखी जा रही है, जिससे लोगों ने हल्की राहत महसूस की है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, हवा की क्वालिटी (एक्यूआई) 200 के आसपास है, जो खराब श्रेणी में आती है। सीपीसीबी के मुताबिक, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक, 101 से 200 को मध्यम, 201 से 300 को खराब, 301 से 400 को बहुत खराब और 401 से 500 को गंभीर माना जाता है। कयास लगाए जा रहे हैं अगले 10 दिनों में मौसम साफ और हवाओं की गति बढ़ने से पॉल्यूशन खतरनाक श्रेणी से नीचे आ सकता है।
वहीं मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली NCR, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में देर रात और कल सुबह ओले गिर सकते हैं या तेज़ आंधी आ सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 18 फरवरी को मध्य प्रदेश के छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, दतिया, भिंड, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, गुना, राजगढ़, शाजापुर, आगरमालवा, उज्जैन, इंदौर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती है। इन इलाकों में दो दिन तक बादल डेरा डाले रह सकते हैं।
मौसम विभाग ने राजस्थान के 2 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों के आस-पास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर गरजने और हल्की बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। 18 फरवरी को अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में 30-40 KMPH की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इधर गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले चार दिनों तक इसमें धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। वहीं ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश तथा यनम के कुछ इलाकों में 19 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.