Kal Ka Mausam (कल का मौसम): दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में ठंड की विदाई होने वाली है। मौसम विभाग ने भी तापमान में बढ़ोतरी का संकेत दे दिया है। हालांकि इसी संकेत के बीच दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं 13 से 19 फरवरी तक कई राज्यों में मौसम के बिगड़ने के संकेत हैं। आइए जानते हैं कल कैसा रहेगा देशभर का वेदर
दिल्ली में कल छाएंगे बादल
दिल्ली के आसमान में कल बादलों का डेरा दिखाई देगा। बादलों की वजह से सुबह और शाम को हल्की ठंड महसूस हो सकती है। मौसम विभाग ने कल सुबह 10-15 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है। वहीं इसके बाद 15 फरवरी से आंधी-बारिश आ सकती है।
यूपी-बिहार में कल का वेदर अपडेट
यूपी और बिहार में कल मौसम साफ रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। IMD के अनुसार कल आगरा, अलीगढ़, अमेठी, आजमगढ़, बागपत, बहराइच, बाराबंकी, लखनऊ, बरेली, एटा, फतेहपुर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हाथरस, जालौन, कानपुर में हल्का कोहरा छा सकता है। वहीं पटना, गया, जहानाबाद, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सारण, भोजपुर, बक्सर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, पूर्णिया, खगड़िया में अब न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
पहाड़ों पर कैसा रहेगा कल मौसम?
उत्तराखंड में 16 और 17 फरवरी को भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, खासकर चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत जिलों में। वहीं 12 फरवरी को मौसम सामान्य रहेगा और देहरादून में अधिकतम तापमान 20°C व न्यूनतम 9°C रहने की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश में भी 12 फरवरी को मौसम साफ रहेगा, लेकिन 15 फरवरी की रात से बादल छाने लगेंगे और 16 फरवरी को धर्मशाला, मनाली, हमीरपुर व बिलासपुर में भारी बारिश, तेज हवा और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी है। मनाली में 12 फरवरी को अधिकतम तापमान 1°C और न्यूनतम -11°C रहेगा।
जम्मू कश्मीर में कल कैसा रहेगा वेदर
पिछले 24 घंटों के दौरान कश्मीर में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई।मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि गुलमर्ग केंद्र शासित प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा,जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर में मुख्य रूप से शुष्क मौसम की भविष्यवाणी की है। अगले दो दिनों के लिए, विभाग ने मुख्य रूप से शुष्क परिस्थितियों के साथ कुछ स्थानों पर छिटपुट बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है।