
IMD Heavy Rain Alert: अगस्त के आखिरी दिनों में मानसून का असर देश के कई हिस्सों में बना हुआ है। 29 अगस्त को पूर्वी और मध्य भारत के साथ-साथ पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का जोर रहेगा। IMD के ताजा पूर्वानुमान में ओडिशा में भारी बारिश से लेकर बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
इस बीच बंगाल की खाड़ी से चलने वाली तेज हवाएं मौसम को और बिगाड़ने का काम कर सकता है। वहीं, 6 से अधिक राज्यों में ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। नदी के निचले इलाकों से लोगों को दूर हटने की सलाह दी गई है। वहीं, उत्तरी हरियाणा और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण है। दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी चक्रवाती परिसंचरण बन रहा है।
29 अगस्त को ओडिशा में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। IMD ने 28-31 अगस्त के दौरान राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। 29 अगस्त को भी राज्य में बारिश का असर बना रहेगा। ओडिशा में मौसम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि IMD के मुताबिक 29 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
बिहार में 29 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। IMD ने 28-30 अगस्त के दौरान राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा 29 अगस्त को बिहार में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं की गतिविधि भी हो सकती है। IMD ने 28-29 अगस्त को राज्य में मध्यम से गंभीर स्तर की बिजली गतिविधि की संभावना जताई है।
पूर्वी मध्य प्रदेश में 29 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। IMD के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश में 28-30 अगस्त तक कई स्थानों पर बारिश जारी रहने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी 29 अगस्त को बारिश का असर बना रहेगा। राज्य में 28 अगस्त से 3 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में उत्तराखंड पर भी मौसम विभाग की नजर है। 29 अगस्त को राज्य के रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। राज्य के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने और तेज से बहुत तेज बारिश का दौर आ सकता है। IMD के अनुसार उत्तराखंड में 28 अगस्त से 3 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश का दौर बना रह सकता है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 अगस्त को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। IMD के ताजा बुलेटिन में 28 अगस्त को भारी बारिश की संभावना के बाद अगले दिनों में भी बारिश की गतिविधि बने रहने का अनुमान है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 अगस्त को व्यापक भारी बारिश का अनुमान नहीं है, हालांकि कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली में कल यानी 29 अगस्त को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की चेतावनी है। वहीं, दिल्ली में कल यानी 29 अगस्त को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
गंगीय पश्चिम बंगाल में 29 अगस्त को कई स्थानों पर बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। झारखंड में भी 28-31 अगस्त के दौरान बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश के साथ तेज हवाओं की गतिविधि रह सकती है।
कोंकण और गोवा में 29 अगस्त को कई स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है। वहीं गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है।
दक्षिण भारत के लिए मौसम का रुख बाकी देश की तुलना में शांत रहने का अनुमान है। IMD ने अगले एक सप्ताह तक प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधियों के कमजोर रहने की बात कही है। हालांकि तटीय कर्नाटक में 29 अगस्त को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। केरल और लक्षद्वीप में भी बारिश का असर रहेगा। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में दक्षिण तमिलनाडु के तटीय इलाकों में भी 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके चल सकते हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों को इन क्षेत्रों में गहरे समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 29 अगस्त को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। IMD ने 28-29 अगस्त के दौरान यहां 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के झोंकों की संभावना जताई है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.