Kalonji Water benefits: हम में से ज्यादातर लोग कलौंजी को बस एक मसाले के तौर पर जानते हैं। यह अचार में, नान पर या सब्जियों के ऊपर सजावट के रूप में दिख ही जाती है। लेकिन ये छोटे-छोटे काले बीज, जिन्हें कलौंजी, काला जीरा या ब्लैक क्यूमिन भी कहा जाता है, आयुर्वेद में काफी खास माने गए हैं। खासकर जब कलौंजी को रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाली पेट पिया जाए, तो इसका असर धीरे-धीरे शरीर पर नजर आने लगता है। डायबिटीज से लेकर वजन और स्किन तक, इसके फायदे बताए जाते हैं। चलिए जानते हैं कैसे।
डायबिटीज कंट्रोल करने में मददगार
आयुर्वेद की मानें तो कलौंजी का पानी ब्लड शुगर लेवल को संतुलन में रखने में मदद करता है। नियमित सेवन से शरीर की इंसुलिन सेंसिटिविटी बेहतर हो सकती है, जिससे टाइप-2 डायबिटीज का खतरा कम होने की बात कही जाती है। आमतौर पर सलाह दी जाती है कि रात में 1–2 चम्मच कलौंजी को पानी में भिगो दें और सुबह उस पानी को छानकर खाली पेट पी लें।
दिल की सेहत के लिए फायदेमंद
कलौंजी के पानी में मौजूद पोषक तत्व, खासकर पोटैशियम जैसे मिनरल्स, दिल की सेहत के लिए अच्छे माने जाते हैं। रोज सुबह इसे पीने से कोलेस्ट्रॉल बैलेंस रखने और हार्ट से जुड़ी परेशानियों के खतरे को कम करने में मदद मिल सकती है।
वजन घटाने में कैसे मदद करता है कलौंजी का पानी
कलौंजी के पानी में मौजूद नेचुरल तत्व शरीर के मेटाबॉलिज्म को बेहतर करने में मदद करते हैं। इससे खाना जल्दी पचता है और शरीर में जमा अतिरिक्त चर्बी धीरे-धीरे कम होने लगती है। रोज हल्की-फुल्की एक्सरसाइज और संतुलित डायट के साथ इसके सेवन से वजन कम करने में मदद मिलती है।
ग्लोइंग स्किन
कलौंजी के पानी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर को अंदर से डिटॉक्स करने में मदद करते हैं। जब शरीर साफ रहता है, तो उसका असर सीधे चेहरे पर दिखता है। नियमित सेवन से त्वचा में धीरे-धीरे नेचुरल ग्लो आने लगता है और स्किन पहले से ज्यादा फ्रेश और हेल्दी नजर आती है।
अपच, कब्ज और एसिडिटी में कारगर
अगर आपको बार-बार गैस, अपच या कब्ज की दिक्कत रहती है, तो कलौंजी का पानी एक आसान घरेलू उपाय माना जाता है। आयुर्वेद के मुताबिक, यह पाचन तंत्र को मजबूत करता है और पेट से जुड़ी छोटी-बड़ी परेशानियों में राहत देता है। सुबह खाली पेट इसका सेवन पाचन को एक्टिव करने में मदद करता है।