बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर रविवार रात मेघालय में मेगॉन्ग फेस्टिवल में लाइव परफॉर्म कर रही थीं, तभी सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। एक अज्ञात व्यक्ति अचानक मंच पर दौड़ता हुआ पहुंचा और गाना गाते वक्त कनिका को पकड़ने की कोशिश की। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और इसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। अचानक हुई इस हरकत से कनिका साफ तौर पर घबरा गईं हालांकि उन्होंने खुद को संभालते हुए परफॉर्मेंस जारी रखी।
सिक्योरिटी पर उठे गंभीर सवाल
वीडियो में देखा जा सकता है कि कनिका की सिक्योरिटी टीम कुछ ही सेकंड में मौके पर पहुंची और आरोपी को मंच से नीचे उतारकर बाहर ले गई। दर्शकों ने टीम की तत्परता पर तालियां जरूर बजाईं लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी आसानी से कोई मंच तक कैसे पहुंच गया? अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है या नहीं, लेकिन सोशल मीडिया पर फैंस और कलाकार सुरक्षा बढ़ाने की जोरदार मांग कर रहे हैं।
इंडस्ट्री की खामियों पर कनिका ने उठाए थे सवाल
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब कनिका कपूर हाल ही में बॉलीवुड सिंगर्स की आर्थिक परेशानियों को लेकर खुलकर बोली थीं। उन्होंने बताया था कि कई बार गायकों को गानों के लिए सिर्फ 101 रुपए तक दिए जाते हैं और उनकी आमदनी पूरी तरह लाइव शोज पर निर्भर होती है। बेबी डॉल जैसी सुपरहिट आवाज देने वाली कनिका लंबे समय से इंडस्ट्री की खामियों पर सवाल उठाती रही हैं। अब यह घटना कलाकारों की शारीरिक सुरक्षा पर भी नई बहस छेड़ रही है।