
Kartik Purnima Tragedy: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बुधवार सुबह चुनार रेलवे स्टेशन पर कालका एक्सप्रेस की चपेट में आकर 4 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब ये श्रद्धालु चोपन से प्रयागराज की ओर जा रहे थे और रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे।
भारतीय रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 13309 (चोपन–प्रयागराज एक्सप्रेस) उत्तर प्रदेश के चुनार स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंची थी। इस दौरान कुछ यात्री गलत दिशा में उतर गए और फुट ओवर ब्रिज उपलब्ध होने के बावजूद मुख्य रेलवे लाइन से ट्रैक पार करने लगे। उसी समय ट्रेन संख्या 12311 (नेताजी एक्सप्रेस) मुख्य लाइन से गुजर रही थी। रिपोर्ट के मुताबिक, नेताजी एक्सप्रेस की चपेट में आने से चुनार स्टेशन पर 3 से 4 यात्रियों की मौत हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर काफी भीड़ थी, इसलिए कुछ लोगों ने दूसरी तरफ से उतरने की कोशिश की। इसी कोशिश के दौरान कुछ लोग जब ट्रेन से उतरकर ट्रैक पार कर रहे थे, तो उसी वक्त आ रही कालका एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। ट्रेन और लोगों की बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनका शरीर टुकड़ों में बंट गया और हर तरफ खून ही खून फैल गया। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा तफरी मच गई।
ट्रेन हादसे के बाद चुनार स्टेशन पर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.