Kedarnath Opening date 2026: पहाड़ों में बसंत की दस्तक के साथ ही श्रद्धालुओं के दिलों में भी भक्ति की गूंज तेज हो गई है। उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ बाबा केदारनाथ के कपाट अप्रैल को खुलने जा रहे हैं। शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विधि-विधान के साथ इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। जैसे ही तिथि सामने आई, देशभर के श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।
कब खुलेंगे कपाट?
मंदिर समिति के अनुसार 22 अप्रैल, बुधवार को सुबह 8 बजे शुभ वृष लग्न में केदारनाथ मंदिर के कपाट खोले जाएंगे। इसी क्षण से छह महीने चलने वाली केदारनाथ यात्रा औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
इस वर्ष कौन संभालेंगे पूजा की जिम्मेदारी?
इस साल टी गंगाधर लिंग को मुख्य पुजारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। परंपरा के अनुसार यहां पूजा-अर्चना दक्षिण भारत से आने वाले रावल पुजारियों द्वारा ही की जाती है। कपाट खुलने की तिथि घोषित होने के बाद से ही दर्शन के लिए पंजीकरण की रफ्तार तेज हो गई है।
कब खुलेंगे बद्रीनाथ धाम के कपाट?
केदारनाथ के बाद 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट ब्रह्ममुहूर्त में सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर खोले जाएंगे। इसकी घोषणा पहले ही वसंत पंचमी के दिन की जा चुकी थी। वहीं गंगोत्री और यमुनोत्री धाम 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे। इन दोनों के सटीक शुभ मुहूर्त की जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
प्रशासन ने कसी कमर
चारधाम यात्रा को लेकर राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सड़कों की हालत सुधारी जा रही है, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है और पंजीकरण प्रणाली को व्यवस्थित किया जा रहा है। होटल और धर्मशालाओं में अग्रिम बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। हर साल लाखों श्रद्धालु इस आध्यात्मिक यात्रा में शामिल होते हैं। इस बार भी अच्छी भीड़ की उम्मीद है। भक्त अब बस यही कामना कर रहे हैं कि मौसम साथ दे और यात्रा बिना किसी बाधा के संपन्न हो।
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने का मतलब है भक्ति, विश्वास और हिमालय की गोद में आध्यात्मिक अनुभव का नया अध्याय। 22 अप्रैल का इंतजार अब हर शिवभक्त के लिए खास हो गया है।