आजकल की भागदौड़ भर लाइफ के बीच खुद का ख्याल रख पाना काफी मुश्किल हो गया है। ऐसे में बालों से जुडी समस्याएं भी अब लोगों के बीच काफी आम हो गई हैं। इनमें से बालों का झड़ना यानी की हेयरफॉल एक ऐसी समस्या है, जिससे हर कोई परेशान है। इससे निजात पाने के लिए लोग अक्सर महंगे से महंगा प्रोडक्ट इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन उन्हें वो मनचाहे नतीजे नहीं मिलते जोकि वो चाहते हैं।
इस बीच डॉ नवनीत कौर भाटिया ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करके हेयरफॉल से छुटकारा पाने का आसान और किफायती तरीका बताया है। इस रेमेडी की सबसे खास बात तो ये है कि इसपर आपको ज्यादा कुछ खर्च नहीं करना पड़ेगा और दूसरा इसका आपके बालों पर कोई साइड इफ़ेक्ट भी नहीं होगा।
डॉ भाटिया ने अपने पोस्ट में कहा कि क्या आपके बाल बेजान, रूखे, टूटने वाले या दोमुंहे हो गए हैं? तो यह असरदार प्राकृतिक शैम्पू नुस्खा आजमाएं, जो आपके बालों को फिर से चमकदार, मुलायम और मज़बूत बना सकता है। इसके लिए हम चाय की पत्तियां, मेथी के दाने, चावल और मुट्ठी भर करी पत्ते थोड़े से पानी में उबाले और फिर इस पानी को शैम्पू में मिला लेंगे। इसके बाद इसे बालों पर इस्तेमाल करना है।
चाय की पत्तियां एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती हैं, जो बालों में प्राकृतिक चमक लाती हैं और बाल झड़ना कम करती हैं। चावल बालों को मजबूती देता है, रूखेपन को दूर करता है और दोमुंहे बालों की समस्या में मदद करता है। मेथी के दाने सिर की त्वचा को गहराई से पोषण देते हैं, जिससे बाल टूटना कम होता है और बालों की बढ़त अच्छी होती है। करी पत्ते समय से पहले बाल सफेद होने से बचाते हैं और नए बाल उगाने में सहायक होते हैं।
यह हर्बल शैम्पू बेजान और कमजोर बालों के लिए एक पूरा समाधान है। यह बालों को हल्के से साफ करता है, नुकसान की भरपाई करता है और बालों को मुलायम, चमकदार और जानदार बनाता है। इसे हफ्ते में दो बार इस्तेमाल करें और अपने बालों में प्राकृतिक बदलाव देखें।
(डिस्क्लेमर: ये सलाह सामान्य जानकारी के लिए दी गई है। कोई फैसला लेने से पहले विशेषज्ञ से बात करें। मिंट हिंदी किसी भी परिणाम के लिए जिम्मेदार नहीं है।)