महाराष्ट्र के बारामती हुए प्लेन क्रैश में कैप्टन शांभवी पाठक की भी दर्दनाक मौत हो गई। वह फ्लाइट की चालक दल में शामिल थीं। शांभवी चार्टर्ड फ्लाइट उपलब्ध करवाने वाली दिल्ली की कंपनी वीएसआर वेंचर्स में पायलट की नौकरी कर रही थीं। आज महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री अजित पवार जिस विमान लियरेजट 45 से बारामती जा रहे थे, उसके पायलट कैप्टन सुमित कपूर के साथ कैप्टन शांभवी पाठक भी थीं। हादसे में अजित पवार के साथ-साथ कैप्टन सुमित कपूर, कैप्टन शांभवी पाठक और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली समेत सभी पांच लोगों की मौत हो गई।
कौन थीं कैप्टन शांभवी पाठक?
शांभवी पाठक एक आर्मी ऑफिसर की बेटी थीं। उन्होंने दिल्ली के एयर फोर्स बाल भारती स्कूल से स्कूलिंग की थी और यूनिवर्सिटी ऑफ मुंबई से एयरोनॉटिक्स में बीएससी डिग्री ली थी। कैप्टन शांभवी पाठक ने न्यूजीलैंड इंटरनैशनल कमर्शियल पायलट अकेडमी से प्रफेशनल फ्लाइट ट्रेनिंग ली थी। वहीं, कैप्टन सुमित कपूर के पास 16 हजार घंटे विमान उड़ाने का अनुभव था।
एक्स यूजर सुधीर ने बताया कि कैप्टन शांभवी पाठक उनकी बेटी की सहेली थी। उन्होंने लिखा, ‘प्लेन क्रैश में महाराष्ट्र डिप्टी सीएम के साथ एक युवा पायलट कैप्टन शांभवी पाठक का भी निधन हो गया। वह प्लेन की पायलट थीं। वह एक मेधावी छात्रा, बहुत अच्छी बेटी, बहुत प्यारी बहन और बहुत सुंदर दोस्त थीं। यह मेरा व्यक्तिगत नुकसान है क्योंकि उन्होंने मेरी बेटी के साथ केजी क्लास से पढ़ाई की थी।’
लैंडिंग के वक्त दुर्घटना का शिकार हुआ विमान
महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री अजित पवार आज चार्टर्ड प्लेन से मुंबई से बारामती जा रहे थे, तभी प्लेन हादसे का शिकार हो गया। प्लेन को बारामती एयरपोर्ट पर उतरने के वक्त ही दिक्कत हुई और उसमें सवार सारे लोग मारे गए। बारामती एयरपोर्ट मैनेजर शिवाजी तावरे ने हमारे सहयोगी अखबार हिंदुस्तान टाइम्स (HT) को बताया, 'विमान VT SSK लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, तभी वह रनवे से हटकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।'