सर्दी का मौसम सेहत को बेहतर बनाने के लिहाज से एक अच्छा सीजन माना जाता है। दरअसल, इस मौसम में एक से बढ़कर एक सुपरफूड मिलते हैं जोकि हमारी सेहत के लिए बहुत अच्छे होते हैं। चाहे बात चुकंदर की हो या पालक की, ठंड के सीजन इम्युनिटी को बूस्ट करने के लिए आपको बेहतरीन ऑप्शन आसानी से मिल जाते हैं। ऐसे में अगर आप भी अपनी सेहत को बेहतर बनाना चाहते हैं तो विंटर सुपरफूड्स को अपनी डाइट का हिस्सा जरूर बनाएं।
हालांकि, एक कहावत है कि जरूरत से ज्यादा चीजें लेने से कई बार हमें नुकसान भी होता है। ये कहावत हमारे खानपान पर भी लागू होती है। सुपरफूड्स आपके जीवन को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। इन्हें रोजाना के खाने में इसलिए शामिल किया जाता है ताकि शरीर की पोषण जरूरतें पूरी हो सकें। लेकिन जब इन्हें जरूरत से ज्यादा मात्रा में खाया जाता है, तो ये फायदे की बजाय नुकसान भी पहुंचाने लगते हैं।
चुकंदर, आंवला, चिया सीड्स और हल्दी यह सब पोषक तत्वों से भरपूर हैं और शरीर को कई तरह के फायदे देते हैं, लेकिन गलत तरीके से, गलत मात्रा में या गलत समय पर खाने पर इनके दुष्प्रभाव भी हो सकते हैं। इसलिए इन्हें समझदारी से खाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है इन्हें अपनी डाइट में शामिल करना। ऐसे में आज हम इस आर्टिकल में चुकंदर के साइड इफेक्ट्स और उन्हें सही तरीके से खाने के बारे में बात करेंगे।
सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं चुकंदर
चुकंदर उन कुछ सब्जियों में से एक है जिसे लोग स्वाद से ज्यादा इसके फायदों के लिए खाते हैं। इसका गहरा लाल रंग खून जैसा दिखता है और यह शरीर में हीमोग्लोबिन बढ़ाने में भी मदद करता है। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, चुकंदर में कुछ ऐसे गुण पाए जाते हैं जो कैंसर से बचाव में सहायक हो सकते हैं।
अध्ययन में पाया गया कि चुकंदर ट्यूमर को कम करने की क्षमता रखता है और इससे कैंसर का खतरा भी घट सकता है। चुकंदर में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट, फाइबर और नाइट्रेट तत्व शरीर में बुरा कोलेस्ट्रॉल (LDL) कम करने में मदद करते हैं। इसके साथ ही, यह ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में भी सहायक है, जिससे दिल की बीमारियों का जोखिम कम होता है। हालांकि, इसका जरूरत से ज्यादा सेवन आपकी सेहत को नुकसान भी पहुंचा सकता है।
एक अध्ययन “The benefits and risks of beetroot juice consumption: a systematic review” के अनुसार, चुकंदर का जूस पीने से शरीर में नाइट्रेट की मात्रा रोजाना की सुरक्षित सीमा से ज्यादा हो सकती है। ज्यादा नाइट्रेट शरीर में N-nitroso compounds नामक तत्व बना सकता है, जो कैंसर पैदा करने वाला माना जाता है और अन्य नुकसान भी पहुंचा सकता है। इसके अलावा, चुकंदर में ऑक्सालेट भी अधिक होते हैं, जो किडनी स्टोन बनने का खतरा बढ़ा सकते हैं।
एक्सपर्ट से जानिए चुकंदर को खाने का सही तरीका
वहीं, आयुर्वेदिक डॉक्टर किरण गुप्ता बताती हैं कि चुकंदर को खाने का सही तरीका इस बात पर निर्भर करता है कि उसका साइज क्या है। अगर कोई चुकंदर नींबू या टमाटर के आकार का है तो आप उसे पूरा अपनी डाइट में ले सकते हैं, लेकिन अगर वो ज्यादा बड़े साइज का है तो आप उसे हाफ करके अपनी डाइट में शामिल करें। इसके अलावा डॉ गुप्ता ने इस बात पर भी जोर दिया कि आपको एक दिन में कितना चुकंदर खाना है ये हर व्यक्ति के बॉडी टाइप पर निर्भर करता है क्योंकि हर व्यक्ति की इम्युनिटी अलग होती है।
अपनी बात को जारी रखते हुए डॉ किरण गुप्ता बताती हैं कि अगर आप चाहते हैं कि आपको चुकंदर खाने के बेस्ट रिजल्ट मिले तो इसे कच्चा यानी की रॉ खाना सबसे बेस्ट होता है क्योंकि इस अवस्था में इसमें विटामिन और मिनरल्स भी रॉ फॉर्म में होते हैं। साथ ही, उन्होंने ये भी बताया कि जब हम इसे विटामिन सी के साथ पेयर करके खाते हैं तो इससे आयरन का एब्जॉर्बशन बॉडी में सबसे अच्छा होता है। ऐसी स्थिति में आप चुकंदर पर नींबू निचोड़कर खा सकते हैं। यही नहीं, आप चुकंदर को आंवला के साथ भी पेयर करके अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
(डिस्क्लेमर: ये सलाह सामान्य जानकारी के लिए दी गई है। कोई फैसला लेने से पहले विशेषज्ञ से करें। मिंट हिंदी किसी भी परिणाम के लिए जिम्मेदारी नहीं है।)