Kunal Kamra T-Shirt Case: कुणाल कामरा और विवाद, ये दोनों शब्द आजकल साथ-साथ ही नजर आते हैं। स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा फिर एक नए मामले में घिर गए हैं। इस बार वजह बना उनका सोशल मीडिया पोस्ट, जिसमें वह ऐसी टी-शर्ट पहने दिखे जो RSS पर तंज कसती दिखाई दी। जैसे ही फोटो वायरल हुई, सोशल मीडिया पर तूफान मच गया और BJP के नेताओं ने इसे बेहद आपत्तिजनक बताया।
बवाल की शुरुआत कैसे हुई?
कामरा ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर की जिसमें एक कुत्ते की तस्वीर और RSS से जुड़ा मजाकिया संदर्भ था। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा- “किसी कॉमेडी शो में यह फोटो नहीं खींची गई है”, जो सीधे-सीधे उस घटना की तरफ इशारा करता है जब शिव सेना के समर्थकों ने उनका शो वाला वेन्यू तोड़ दिया था। उनकी इस फोटो के वायरल होने के कुछ ही घंटों में ये एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया।
पुलिस कार्रवाई की चेतावनी
महाराष्ट्र के मंत्री और सीनियर BJP नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने साफ कहा कि ऐसे पोस्ट को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि पुलिस इस पर कार्रवाई करेगी क्योंकि ये पोस्ट “आपत्तिजनक” है और RSS का अपमान करता है, जो BJP की विचारधारा से जुड़ा संगठन है।
शिव सेना ने भी जताई नाराजगी
शिव सेना (एकनाथ शिंदे गुट) के कैबिनेट मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि कामरा पहले भी पीएम मोदी और डिप्टी सीएम शिंदे पर कटाक्ष कर चुके हैं। उन्होंने कहा- “अब वो सीधे RSS पर हमला कर रहे हैं। इस बार बीजेपी को सख्त जवाब देना चाहिए।”
विवादों से कुणाल कमरा का पुराना नाता
यह पहला मौका नहीं है जब कामरा की किसी टिप्पणी या पोस्ट पर राजनीतिक बवाल हुआ हो। मार्च में एक शो के दौरान उन्होंने एक पॉपुलर गाने के बोल बदलकर एकनाथ शिंदे पर कटाक्ष किया था, जिसके बाद हंगामा मच गया था। इस बार भी मामला सोशल मीडिया से निकलकर राजनीति के मैदान तक पहुंच गया है। अब पुलिस कार्रवाई होगी या नहीं, ये तो आने वाले दिनों में साफ होगा, लेकिन इतना तय है कि कामरा फिर सुर्खियों में हैं और विवादों की इस कहानी में एक नया पन्ना जुड़ गया है।