NIA Arrests Anmol Bishnoi: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई और करीबी सहयोगी अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से भारत डिपोर्ट कर लिया गया है। एयरपोर्ट पर ही एनआईए ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और वहीं से वो उसे पेशी के लिए कोर्ट ले जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई अनमोल बिश्नोई को जल्द ही एक विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। अनमोल पर गंभीर आरोप हैं कि अप्रैल 2024 में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर पर हुई गोलीबारी और पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामलों में वह वांछित है।
एक साल से अमेरिका में था अनमोल
पिछले साल नवंबर में अमेरिकी अधिकारियों ने उसे हिरासत में लिया था और अब भारत में कानूनी कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया है। इसके अलावा, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान के कार्यालय के बाहर 12 अक्टूबर 2024 को हुई हत्या में भी बिश्नोई गिरोह का नाम सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह से जुड़े कम से कम 26 लोगों को गिरफ्तार किया है।
मुंबई पुलिस ने इस हत्या की जांच में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के कड़े प्रावधान लागू किए हैं। इस केस में अनमोल बिश्नोई के साथ शुभम लोनकर और जिशान मोहम्मद अख्तर को भी वांछित आरोपी घोषित किया गया है।