Mumbai Accident News: मुंबई के मुलुंड इलाके में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एलबीएस रोड पर शनिवार सुबह निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का एक हिस्सा ऑटो रिक्शा और कार पर गिर गया। पिलर के हिस्से के चपेट में आने से ऑटो में सवार 3-4 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, मेट्रो प्राधिकरण के कर्मचारी, वार्ड स्टाफ और 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंच गई और राहत बचाव कार्य शुरू हो गया।
ऑटो रिक्शा हुआ चकनाचूर
फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि ये घटना दोपहर करीब 12.20 मिनट पर जॉनसन एंड जॉनसन फैक्ट्री के सामने हुई। दमकल विभाग की टीम वहां पर पहुंची, तो देखा कि सीमेंट के स्लैब की चपेट में आकर ऑटोरिक्शा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। इसके साथ ही वहां खड़ी एक गाड़ी भी इसकी चपेट में आ गई है।
मुंबई के डिप्टी मेयर संजय घाड़ी ने मुलुंड(पश्चिम) में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का एक हिस्सा ढहने की घटना पर कहा कि इस घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिसमें एक की मौत हो गई है। दो लोगों की स्थिति गंभीर है और उन्हें इलाज के लिए ICU में रखा है। एकनाथ शिंदे ने इस घटना का संज्ञान लिया है। वे इस घटना के संबंध में जांच बैठाएंगे, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ निश्चित ही कानूनन कार्रवाई होगी।
वहीं मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने मुलुंड(पश्चिम) में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का एक हिस्सा ढहने की घटना पर कहा कि इस हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। ये बहुत बड़ी लापरवाही है। मुझे पता चला कि कल ही यहां पैरापेट बॉडी लगाई गई थी। क्या उन्होंने सेफ्टी नॉर्म्स फॉलो किए? नीचे ट्रैफिक मूवमेंट को फिलहाल रोक देना चाहिए था। घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।