Lucknow Metro Christmas and New Year Timing: नए साल के जश्न को देखते हुए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPMRC) ने बड़ा फैसला लिया है। UPMRC ने क्रिसमस यानी 25 दिसंबर और 31 दिसंबर 2025 को मेट्रो सेवाओं के संचालन के समय में बढ़ोतरी की है। इन दोनों दिनों पर लखनऊ मेट्रो की सेवाएं सुबह 6 बजे से रात 12:30 बजे तक निर्बाध रूप से चलाई जाएगी। लखनऊ मेट्रो की तरफ से यह फैसला शहर में बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या, देर रात होने वाले कार्यक्रमों और इवेंट के दौरान सुरक्षित और सुचारु सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के मकसद से लिया गया है। विस्तारित टाइम टेबल से कामकाजी यात्रियों, पर्यटकों, युवाओं, परिवारों और एयरपोर्ट जाने-आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस समय चलेगी आखिरी ट्रेन
इन दोनों दिनों में मुंशी पुलिया मेट्रो स्टेशन और सीसीएस एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन, दोनों टर्मिनल स्टेशनों से अंतिम मेट्रो ट्रेन आधी रात 12:30 बजे प्रस्थान करेगी। सभी स्टेशनों पर सुरक्षा, टिकटिंग, यात्री सहायता और परिचालन से जुड़े समुचित इंतजाम किए जाएंगे, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बाकी दिनों के लिए नहीं बदला समय
यूपीएमआरसी ने साफ किया है कि मेट्रो सेवाओं के संचालन समय में यह बदलाव केवल 25 दिसंबर और 31 दिसंबर के लिए ही प्रभावी रहेगा। इसके अतिरिक्त अन्य सभी दिनों में लखनऊ मेट्रो सेवाएं अपने नियमित समय सुबह छह बजे से रात 10:30 बजे तक ही संचालित होंगी।
मेट्रो से यात्रा करने की अपील
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने यात्रियों से अपील की है कि वे उत्सव के दौरान निजी वाहनों के स्थान पर मेट्रो का अधिक से अधिक उपयोग करें, जिससे यातायात जाम, प्रदूषण और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।