Mahakumbh मेला 2025 को ध्यान में रखते हुए डिजिटल पेमेंट ऐप PhonePe ने ICICI Lombard General Insurance कंपनी के साथ मिलकर एक अनोखी बीमा योजना लॉन्च की है। यह योजना श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में मदद करेगी।
यह बीमा योजना दो ऑप्शन में उपलब्ध होगी। अगर आप बस या ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं तो आपको ₹59 प्रति व्यक्ति की बीमा योजना मिलेगी। वहीं, अगर आप डोमेस्टिक फ्लाइट से यात्रा कर रहे हैं तो यह बीमा योजना ₹99 प्रति व्यक्ति में उपलब्ध है।
क्या-क्या कवर करता है यह बीमा?
PhonePe के मुताबिक, इस बीमा योजना में कई तरह के खर्च शामिल हैं। इसमें अस्पताल में भर्ती का खर्च, डॉक्टर की सलाह, बाहरी मरीज का इलाज, व्यक्तिगत दुर्घटना का कवर, चेक-इन बैगेज खोने पर मुआवजा, यात्रा रद्द होने पर कवर, कनेक्टिंग फ्लाइट मिस होने का कवर, और मृत्यु के बाद पार्थिव शरीर को घर तक पहुंचाने का खर्च भी शामिल है।
महाकुंभ मेला 2025: PhonePe पर बीमा कवरेज कैसे प्राप्त करें?
चरण 1: PhonePe ऐप खोलकर बीमा सेक्शन में जाएं और "महाकुंभ" बीमा का विकल्प चुनें।
चरण 2: डिटेल्स चेक करें और ‘Buy’ ऑप्शन चुनें।
चरण 3: अपनी यात्रा के तरीके के अनुसार एक योजना चुनें और आवश्यक विवरण जोड़ें।
चरण 4: विवरण की समीक्षा करें और भुगतान पूरा करें।
बीमा योजना पर कंपनियों की राय
PhonePe Insurance Broking Services के CEO विशाल गुप्ता ने कहा कि यह महाकुंभ जैसे बड़े आयोजन के लिए पहली बार लॉन्च की गई बीमा योजना है। ICICI Lombard General Insurance के चीफ रिटेल एंड गवर्नमेंट हेड आनंद सिंघी ने बताया कि इस योजना को PhonePe के साथ मिलकर लॉन्च करने का कारण उनकी व्यापक पहुंच और ग्राहक जरूरतों की समझ है। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालु अपनी आध्यात्मिक यात्रा पर ध्यान केंद्रित कर सकें, जबकि अप्रत्याशित जोखिमों से सुरक्षा पाएं।
महाकुंभ मेला 2025
महाकुंभ मेला 2025 प्रयागराज, उत्तर प्रदेश में 13 जनवरी से 25 फरवरी के बीच आयोजित होगा। यह 12 वर्षों में एक बार होने वाला दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। मकर संक्रांति (14 जनवरी), मौनी अमावस्या (29 जनवरी), और बसंत पंचमी (3 फरवरी) पर शाही स्नान आयोजित होंगे।
महाकुंभ की यह अनोखी बीमा योजना लाखों श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच के रूप में काम करेगी।