Mann Ki Baat: झुंझलाइए नहीं… डिजिटल अरेस्ट और KYC पर पीएम मोदी की अपील, बताया ठगी से बचने का पक्का तरीका

PM Modi Mann ki baat: 22 फरवरी को पीएम मोदी ने 'मन की बात' में छात्रों को परीक्षा के तनाव से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने 'डिजिटल अरेस्ट' और केवाईसी फ्रॉड से बचने के तरीके बताए। एआई में भारत की तरक्की और ग्लोबल क्रिकेट में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की सफलता पर भी चर्चा हुई।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड22 Feb 2026, 01:51 PM IST
डिजिटल अरेस्ट और KYC पर पीएम मोदी की अपील
डिजिटल अरेस्ट और KYC पर पीएम मोदी की अपील(PTI)

PM Modi Mann ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' हमेशा ही देश के ज्वलंत मुद्दों और भविष्य की दिशा का एक संगम होता है। इस रविवार, 22 फरवरी 2026 को प्रसारित हुए संबोधन में उन्होंने न केवल छात्रों का हौसला बढ़ाया, बल्कि तकनीक की दुनिया में भारत के बढ़ते कदमों और समाज में फैलते डिजिटल खतरों पर भी खुलकर बात की।

परीक्षा के नंबर ही सब कुछ नहीं: पीएम की छात्रों को सलाह

देश भर में बोर्ड और वार्षिक परीक्षाओं का दौर चल रहा है। ऐसे में पीएम मोदी ने छात्रों के मन से परीक्षा का बोझ कम करने की कोशिश की। उन्होंने एक बहुत ही गहरी बात कही, "किसी भी छात्र का मूल्य उसके अंकपत्र (Marksheet) से तय नहीं होता।"

उन्होंने छात्रों को समझाते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान तनाव लेने के बजाय आत्मविश्वास पर भरोसा रखें। अगर कोई सवाल नहीं आता, तो उसे अपने दिमाग पर हावी न होने दें। प्रधानमंत्री ने छात्रों को सलाह दी कि वे अपने माता-पिता और शिक्षकों से खुलकर बात करें। वे नंबरों से ज्यादा बच्चों की मेहनत और प्रयास को महत्व देते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि देश के बच्चे न केवल परीक्षा में सफल होंगे, बल्कि जीवन में भी नई ऊंचाइयों को छुएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि हाल ही में हुए 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम से बच्चों ने बहुत कुछ सीखा होगा।

डिजिटल अरेस्ट पर मोदी की लोगों से अपील

संबोधन का एक बड़ा हिस्सा 'डिजिटल अरेस्ट' और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति जागरूकता को समर्पित था। पीएम ने कहा कि अपराधी निर्दोष लोगों को, खासकर बुजुर्गों को निशाना बना रहे हैं। ठग खुद को बड़ा सरकारी अधिकारी बताकर फोन करते हैं और लोगों को डराकर उन्हें 'डिजिटल अरेस्ट' कर लेते हैं, यानी उन्हें वीडियो कॉल पर बंधक बनाकर पैसे वसूलते हैं।

KYC का महत्व और सावधानी:

पीएम ने केवाईसी (Know Your Customer) की प्रक्रिया पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जब बैंक केवाईसी अपडेट करने के लिए कहे, तो झुंझलाइए नहीं। यह आपके पैसे की सुरक्षा के लिए है क्योंकि आज पेंशन, बीमा और यूपीआई (UPI) जैसी सब सुविधाएं बैंक खाते से जुड़ी हैं।

प्रधानमंत्री के सुरक्षा मंत्र:

  • अपना ओटीपी (OTP), आधार नंबर या बैंक डिटेल्स किसी को न दें।
  • समय-समय पर अपने पासवर्ड बदलते रहें।
  • केवाईसी सिर्फ बैंक की शाखा या आधिकारिक ऐप के माध्यम से ही करें।
  • किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।

एआई (AI) के क्षेत्र में भारत का डंका

हाल ही में हुए एआई शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि कैसे भारत 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' का इस्तेमाल खेती और अपनी संस्कृति को बचाने में कर रहा है। उन्होंने दो खास उदाहरण दिए:

अमूल का एआई बूथ: यहां एआई की मदद से जानवरों के स्वास्थ्य की निगरानी और डेयरी मैनेजमेंट को दिखाया गया। दुनिया भर के नेता यह देखकर हैरान थे कि कैसे भारत का एक किसान 24 घंटे एआई की मदद से अपने पशुधन का हिसाब रख रहा है।

प्राचीन ग्रंथों का संरक्षण: एआई के जरिए हमारी पुरानी पांडुलिपियों और प्राचीन ज्ञान को डिजिटल रूप में सुरक्षित किया जा रहा है और उन्हें आज की पीढ़ी के समझने लायक बनाया जा रहा है।

क्रिकेट में बढ़ रही भारतीय खिलाड़ियों की चमक

पीएम मोदी ने खेल जगत में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की बढ़ती धमक का भी जिक्र किया। खासकर टी20 विश्व कप में कनाडा और अमेरिका की टीमों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इन टीमों में भारत के घरेलू क्रिकेट से निकले कई चेहरे खेल रहे हैं। कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा (गुरदासपुर) और नवनीत धालीवाल (चंडीगढ़) जैसे नाम आज भारत और अपने देश दोनों का मान बढ़ा रहे हैं।

जयललिता को दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता को उनकी जयंती (24 फरवरी) से पहले श्रद्धांजलि दी और कहा कि 'अम्मा' आज भी तमिलनाडु के लोगों के दिलों में बसी हैं। इसके साथ ही उन्होंने केरल की सदियों पुरानी 'मामंगम परंपरा' (केरल कुंभ) के 250 साल बाद पुनर्जीवित होने पर खुशी जताई।

मेरठ में नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी

दूसरी ओर, प्रधानमंत्री ने मेरठ में शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन से मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी की दिशा में अहम कदम बताया गया।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सMann Ki Baat: झुंझलाइए नहीं… डिजिटल अरेस्ट और KYC पर पीएम मोदी की अपील, बताया ठगी से बचने का पक्का तरीका
More