Mary Kom Ex-Husband: भारत की दिग्गज बॉक्सर और सांसद मैरी कॉम अपनी मेहनत, संघर्ष और ऐतिहासिक उपलब्धियों के लिए जानी जाती रही हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से उनकी निजी जिंदगी चर्चा में है। साल 2023 में मैरी कॉम ने अपने पति और पूर्व फुटबॉलर करुंग ऑनखोलर उर्फ ऑनलर से तलाक लिया था। उस वक्त तलाक की वजह साफ नहीं बताई गई थी और मैरी ने अफेयर की सभी खबरों को नकार दिया था। अब, तलाक के करीब एक साल बाद, दोनों की तरफ से सामने आए गंभीर आरोप इस रिश्ते की परतें खोलते नजर आ रहे हैं।
मैरी कॉम ने एक्स-हसबैंड पर लगाए गंभीर आरोप
इस हफ्ते मैरी कॉम ने पहली बार खुलकर बताया कि उन्होंने 20 साल की शादी क्यों खत्म की। उनका आरोप है कि ऑनलर ने उनके बॉक्सिंग करियर से कमाए गए करोड़ों रुपये का गलत इस्तेमाल किया। मैरी का कहना है कि उनके एक्स-हसबैंड ने मैरी के नाम पर लोन लिए, उनकी प्रॉपर्टी गिरवी रखी और कुछ संपत्तियां उनकी जानकारी और सहमति के बिना ट्रांसफर कर दी। मैरी के मुताबिक, जब तक वह फिट रहीं और रिंग में थीं, उन्हें इन सब बातों की भनक तक नहीं लगी।
ऑनलर ने किया मैरी के अफेयर का दावा
IANS से बात करते हुए मैरी कॉम के एक्स-हसबैंड ऑनलर ने कहा, “मैं वही बताऊंगा जो उसने (मैरी कॉम) लोक अदालत में कहा था। सबसे पहले, 2013 में उसका एक जूनियर बॉक्सर के साथ अफेयर था। हमारे परिवारों में झगड़ा हुआ, फिर हमने समझौता कर लिया और 2017 से वह मैरी कॉम बॉक्सिंग अकादमी में काम करने वाले किसी शख्स के साथ रिलेशनशिप में है। मेरे पास उनके व्हाट्सऐप मैसेज हैं सबूत के तौर पर। मेरे पास उस इंसान का नाम भी है जिसके साथ उसका अफेयर था। मैं अब तक चुप रहा।”
उन्होंने आगे कहा, “वह अकेले रहना चाहती थी और दूसरा रिश्ता बनाना चाहती थी। हम तलाकशुदा हैं। अगर वह दूसरा पति चाहती है तो मुझे कोई दिक्कत नहीं। लेकिन मुझे दोष मत दो। अगर मुझे दोष देना है तो सबूत लाओ, पेपर दिखाओ। मुझे पता है वह कहां रहती है और किसके साथ।”
चोरी के आरोप पर ऑनलर ने दी ये सफाई
ऑनलर ने मैरी के लगाए गए 5 करोड़ रुपये चोरी के आरोप को भी सिरे से खारिज किया। उनका कहना है कि अगर उन्होंने कोई गड़बड़ी की होती, तो उसके दस्तावेज सामने होते। ऑनलर के मुताबिक, वे दिल्ली में किराए के मकान में रहते हैं और अगर उन्होंने वाकई मैरी की संपत्ति हड़पी होती, तो उनकी जिंदगी कुछ और ही होती।
बच्चों और परिवार को लेकर दर्द
इस पूरे विवाद में बच्चों का मुद्दा भी सामने आया है। ऑनलर ने कहा कि बच्चे सिर्फ मैरी के नहीं, बल्कि उनके भी हैं। उन्होंने दावा किया कि भले ही बच्चों की फीस मैरी भर रही हों, लेकिन उन्हें पालने और संभालने में उनका भी बराबर योगदान रहा है।
व्यक्तिगत आदतों पर आरोप–प्रत्यारोप
ऑनलर ने अपनी आदतों पर लगे आरोपों के बारे में कहा, “उसने कहा कि मैं शराब पीता हूं। तो उसने भी पी है। उसने वोडका और रम ली है और गुटखा भी खाया है। लेकिन मैंने कभी ये बातें मीडिया को नहीं बताईं, जबकि मुझे शराब पीने के लिए दोष दिया गया। हां, मैं पार्टियों में पीता हूं।”
शादी की अंगूठी उतारने की वजह बताते हुए ऑनलर ने कहा, “मैंने अपनी वेडिंग रिंग उतार दी क्योंकि वह भरोसेमंद नहीं है… वह लोक अदालत में जाकर कह रही है कि मैंने लोन लिया और प्रॉपर्टी चुराई। अगर प्रॉपर्टी मेरे नाम पर है तो उसके पास डॉक्यूमेंट होंगे न? वो डॉक्यूमेंट लेकर आए, फिर बात करेंगे।”
आप की अदालत में मैरी कॉम ने क्या कहा?
हाल ही में टीवी शो आप की अदालत में मैरी कॉम ने कहा कि उन्हें सब कुछ तब समझ आया जब वह चोटिल हुईं। उनके शब्दों में, शायद भगवान ने यह सब उन्हें सच दिखाने के लिए किया।
गौरतलब है कि मैरी कॉम और ऑनलर ने चार साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद साल 2005 में शादी की थी। दोनों तीन बेटों के माता-पिता हैं और उन्होंने एक बेटी को गोद भी लिया था। इन आरोप-प्रत्यारोप के बीच सच क्या है, यह तो कानूनी प्रक्रिया ही तय करेगी।