आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में श्रीलंका के युवा तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना पर जमकर पैसा बरसा। जूनियर मलिंगा के नाम से मशहूर स्लिंग एक्शन पेसर को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 18 करोड़ रुपए की भारी-भरकम रकम में अपने स्क्वाड में शामिल किया। महज 2 करोड़ रुपए के बेस प्राइस के साथ ऑक्शन में उतरे पथिराना की कीमत ने सभी को चौंका दिया और यह ऑक्शन की सबसे चर्चित डील्स में से एक रही।
बिडिंग वॉर में KKR की जीत
पथिराना के लिए ऑक्शन में जोरदार बिडिंग वॉर देखने को मिला। सबसे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने बोली लगाई, जिसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स मैदान में उतरी। दोनों टीमों के बीच बोली 16 करोड़ रुपए तक पहुंची, लेकिन 18 करोड़ की बोली लगाकर कोलकाता नाइट राइडर्स ने बाजी मार ली। गौर करने वाली बात यह रही कि चेन्नई सुपर किंग्स, जिनके लिए पथिराना पहले खेल चुके हैं, उन्होंने इस बार दिलचस्पी नहीं दिखाई।
32 IPL मैचों में 47 विकेट
मथीशा पथिराना ने आईपीएल करियर की शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स से की थी और तीन सीजन तक टीम के लिए खेला। हालांकि, इंजरी और लाइन लेंथ में उतार-चढ़ाव के चलते CSK ने उन्हें रिलीज कर दिया। अब तक खेले 32 आईपीएल मैचों में पथिराना ने 47 विकेट झटके हैं और उनका इकॉनमी रेट 8.68 रहा है। केकेआर के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती यही होगी कि वे इस तेज गेंदबाज की फिटनेस और फॉर्म को सही तरीके से मैनेज कर पाते हैं या नहीं। इससे पहले केकेआर ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपए में खरीदा।