नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अधिकांश विदेशी दौरों के दौरान उनके साथ एक महिला अक्सर दिखाई देती हैं। कई लोग उन्हें सुरक्षाकर्मी समझ लेते हैं,लेकिन ये सच नहीं है। पीएम मोदी के साथ फ्रेम में नजर आने वाली महिला का नाम डॉ.गुरदीप कौर चावला है। आइए जानते हैं गुरदीप कौर चावला के बारे में सबकुछ
कौन हैं डॉ. गुरदीप कौर चावला?
डॉ. गुरदीप कौर चावला एक अंतरराष्ट्रीय अनुवादक (Interpreter) हैं। वो केवल एक भाषा से दूसरी भाषा में अनुवाद करने वाली महिला नहीं हैं, बल्कि वे दो राष्ट्रों के बीच के जटिल संवाद को सरल, स्पष्ट और प्रभावशाली बनाने वाली एक विशेषज्ञ हैं। उन्होंने साल 1990 में भारतीय संसद में एक अनुवादक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी, लेकिन 6 साल बाद उस नौकरी को छोड़कर वो अमेरिका शिफ्ट हो गईं।
साल 2010 में आई थीं भारत
गुरदीप कौर चावला साल 2010 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ इंटरप्रिटेटर बनकर इंडिया आई थी। उसके बाद साल 2014 में गुरदीप मेडिसन स्क्वेयर गार्डन में आयोजित पीएम मोदी के कार्यक्रम में उनके अनुवादक के तौर पर भी काम किया था। वहां से वे मोदी के साथ डीसी वॉशिंगटन गईं, जहां मोदी और ओबामा के बीच उन्होंने इंटरप्रिटेटर का काम किया था।
कितनी पढ़ी-लिखी हैं गुरदीप?
गुरदीप कौर चावला ने सेंट स्टीफंस कॉलेज दिल्ली से अंग्रेजी साहित्य में बीए (ऑनर्स) और एमए किया है। इसके अलावा राजनीति विज्ञान में मास्टर और पीएचडी भी की है। इसके अलावा गुरदीप इंडियन लैंग्वेजेज सर्विसेज एलएलसी की संस्थापक-निदेशक हैं। वो अब तक भारत के 7 प्रधानमंत्रियों के लिए अनुवादक का काम कर चुकी हैं।
भारत के इन प्रधानमंत्रियों के लिए गुरदीप कर चुकी हैं काम
- वीपी सिंह
- चंद्रशेखर
- नरसिम्हा राव
- अटल बिहारी वाजपेयी
- आईके गुजराल
- मनमोहन सिंह
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
बता दें कि पीएम मोदी के साथ उनके विदेशी दौरे पर परछाई की तरह रहने वाली डॉ. गुरदीप को ट्रांसलेशन और इंटरप्रिटेशन के क्षेत्र में 30 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र, जी20 शिखर सम्मेलन, जलवायु परिवर्तन पर सम्मेलन, आसियान के अलावा अमेरिका-भारत रणनीतिक और वाणिज्यिक वार्ता जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर काम किया है।