Mirzapur The Movie: भारतीय स्ट्रीमिंग की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकी क्राइम फ्रेंचाइजी 'मिर्जापुर' अब बड़े पर्दे पर भौकाल मचाने के लिए तैयार है। अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट की फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' के रिलीज में अब महज 10 दिन बाकी हैं।
इसी मौके पर मेकर्स ने फिल्म का नया दमदार पोस्टर जारी करते हुए फाइनल काउंटडाउन शुरू कर दिया है। गुरमीत सिंह के निर्देशन और पुनीत कृष्णा के लेखन में बनी यह फिल्म चार सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।नए पोस्टर में पंकज त्रिपाठी के कलीन भैया, अली फजल के गुड्डू पंडित और दिव्येंदु के मुन्ना भैया समेत कई प्रमुख किरदारों की झलक दिखाई गई है। पोस्टर फिल्म में हाई-स्टेक्स एक्शन, जबरदस्त ड्रामा और बड़े पर्दे के भव्य सिनेमाई अनुभव का संकेत देता है।
फिल्म में नजर आएंगे ये सितारे
रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर निर्मित इस फिल्म के सह-निर्माता कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी हैं। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस चौहान प्रमुख भूमिकाओं में हैं।फिल्म में फ्रेंचाइजी के कई लोकप्रिय किरदारों की वापसी भी होगी। इनमें दिव्येंदु के मुन्ना भैया, कुलभूषण खरबंदा के सत्यानंद त्रिपाठी और श्रिया पिलगांवकर की स्वीटी गुप्ता शामिल हैं।
मिर्जापुर द मूवी का काउंटडाउन शुरू
एक्सेल एंटरटेनमेंट ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए लिखा कि भौकाल का नया ठिकाना: थिएटर। बड़े पर्दे पर 'मिर्जापुर द मूवी' आने में बस 10 दिन बाकी! मिर्जापुर: द मूवी, 04 सितंबर को सिर्फ हिंदी और तेलुगु में थिएटर में रिलीज हो रही है।2018 में शुरू हुई 'मिर्जापुर' फ्रेंचाइजी ने ओटीटी पर अपनी अलग पहचान बनाई है। अब फिल्म के जरिए यह कहानी स्ट्रीमिंग स्क्रीन से निकलकर बड़े पर्दे तक पहुंच रही है। रिलीज का काउंटडाउन शुरू होते ही प्रशंसकों में फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।