Monalisa Farman Khan Wedding: महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। इस बार उनके पति फरमान खान के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दरअसल राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की जांच में सामने आया कि मोनालिसा शादी के वक्त नाबालिग थी। आयोग के अनुसार मोनालिसा की जन्मतिथि 30 दिसंबर 2009 है और वो शादी के वक्त महज 16 साल की थी।
फरमान पर लगाए गए कई आरोप
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) ने मोनालिसा पर आरोप लगाया कि शादी के लिए मोनालिसा का फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार किया गया है। इसके साथ ही आयोग ने केरल और मध्य प्रदेश के डीजीपी को 22 अप्रैल को दिल्ली में पेश होने के लिए समन जारी किया है।
केरल में हुई थी दोनों की शादी
मोनालिसा और फरमान की हाई-प्रोफाइल शादी 11 मार्च को तिरुवनंतपुरम के पास पूवर के एक मंदिर में हुई थी। इस शादी में माकपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी भी थी। वहीं पार्टी के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन, शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी और राज्यसभा सांसद ए.ए. रहीम ने इसे ‘केरल की असली कहानी' बताते हुए सामाजिक सौहार्द का उदाहरण बताया था। ऐसे में अब उम्र पर उठते सवाल और पोक्सो केस ने सभी को कटघरे में लाकर खड़ा कर दिया है।
कौन हैं मोनालिसा के पति फरमान खान?
महाकुंभ में वायरल हुई मोनालिसा के पति फरमान खान महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। वे एक अभिनेता व मॉडल हैं। मोनालिसा और फरमान की मुलाकात सोशल मीडिया और फिल्मी काम के दौरान हुई थी। कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद उन्होंने शादी करने का फैसला किया, हालांकि इस रिश्ते को लेकर मोनालिसा के परिवार की तरफ से कड़ा विरोध था।
शादी के खिलाफ मोनालिसा का परिवार
फरमान से शादी के बाद मोनालिसा भोसले ने बताया था कि उनके परिवार वाले इस शादी के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता उनकी शादी उनकी बुआ के बेटे से करवाना चाहते थे, लेकिन मोनालिसा इसके खिलाफ थी। शादी के बाद मोनालिसा के पति ने बताया था कि समय के साथ सब ठीक हो जाएगा और वे उन्हें मना लेंगे, लेकिन अब वो खुद ही फंसते दिख रहे हैं।
शादी के वक्त हुई थी लव जिहाद की चर्चा
मोनालिसा ने शादी के बाद मीडिया वालों से इस सिलसिले में बातचीत भी की थी। उन्होंने बताया था कि ये शादी पूरी तरह उनकी इच्छा से हुई है।उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह ‘लव जिहाद’ का मामला नहीं है और न ही उन्होंने या उनके पति ने अपना धर्म बदला है। मोनालिसा ने बताया कि शादी हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई है।