Monalisa Marriage Controversy: क्या शादी के लिए मोनालिसा ने बदला धर्म? लव जिहाद के सवालों पर दिया ये जवाब

Monalisa Marriage Controversy: कुंभ मेले से चर्चा में आई मोनालिसा भोसले ने मुस्लिम युवक से शादी के बाद उठे ‘लव जिहाद’ के आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि शादी उनकी मर्जी से हिंदू रीति-रिवाजों से हुई है और किसी ने धर्म नहीं बदला। अब यह मामला चर्चा में बना हुआ है।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड12 Mar 2026, 10:06 PM IST
क्या शादी के लिए मोनालिसा ने बदला धर्म? लव जिहाद के सवालों पर दिया ये जवाब
क्या शादी के लिए मोनालिसा ने बदला धर्म? लव जिहाद के सवालों पर दिया ये जवाब(ANI)

Monalisa Marriage Controversy: पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान सोशल मीडिया और मीडिया में चर्चा का विषय बनी मोनालिसा भोसले एक बार फिर खबरों में हैं। इस बार वजह है उनकी शादी। केरल में एक मुस्लिम युवक से शादी करने के बाद कई जगहों पर इसे ‘लव जिहाद’ से जोड़कर देखा जाने लगा।

हालांकि अब खुद मोनालिसा और उनके पति सामने आए हैं और उन्होंने साफ कहा है कि उनकी शादी पूरी तरह उनकी मर्जी से हुई है और इसमें किसी भी तरह का धर्म परिवर्तन नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी शादी हिंदू रीति-रिवाजों से हुई है और इसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

यह लव-जिहाद नहीं, मेरी पसंद की शादी है: मोनालिसा

मध्यप्रदेश की रहने वाली मोनालिसा भोसले ने तिरुवनंतपुरम में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी शादी पूरी तरह उनकी इच्छा से हुई है।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह ‘लव जिहाद’ का मामला नहीं है और न ही उन्होंने या उनके पति ने अपना धर्म बदला है। मोनालिसा ने बताया कि शादी हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि शुरू में उनके पति शादी को लेकर झिझक रहे थे, लेकिन उन्होंने ही उन्हें शादी के लिए राजी किया।

क्या शादी के लिए बदला धर्म?

मोनालिसा और उनके पति दोनों ने कहा कि वे कलाकार हैं और उनके लिए सभी धर्म समान हैं। उनका कहना है कि मीडिया के एक हिस्से में उनकी शादी को जिस तरह से ‘लव जिहाद’ बताकर पेश किया जा रहा है, वह सही नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी धर्म परिवर्तन नहीं किया और सभी धर्मों का सम्मान करते हैं।

मोनालिसा के पति, जो उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, ने भी साफ कहा कि उनके रिश्ते में धर्म बदलने की कोई जरूरत नहीं थी। उन्होंने कहा कि अगर दो लोग एक-दूसरे से प्यार करते हैं तो उन्हें अपनी पहचान या धर्म बदलने की आवश्यकता नहीं होती। अपनी बात साबित करने के लिए उन्होंने मोनालिसा के आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र की कॉपी भी दिखाई।

कितनी है मोनालिसा की उम्र?

दंपति ने पत्रकारों को अपने विवाह से जुड़े दस्तावेज भी दिखाए। उनके पति ने बताया कि मोनालिसा का जन्म 1 जनवरी 2008 को हुआ था और अब वह बालिग हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अगर वह नाबालिग होतीं तो उनकी शादी का पंजीकरण संभव ही नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि उनके नाबालिग होने को लेकर जो खबरें चल रही हैं, वे पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं।

शादी के खिलाफ मोनालिसा का परिवार

मोनालिसा भोसले ने बताया कि उनके परिवार वाले इस शादी के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता चाहते थे कि उनकी शादी उनकी बुआ के बेटे से हो जाए। लेकिन मोनालिसा ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा, “वह मेरे लिए भाई जैसा है। मैं उससे शादी कैसे कर सकती हूं?” मोनालिसा ने बताया कि उनके पिता फिलहाल केरल में ही हैं, लेकिन नाराज होने के कारण वह शादी में शामिल नहीं हुए। हालांकि उनके पति का कहना है कि समय के साथ सब ठीक हो जाएगा और वे उन्हें मना लेंगे।

कैसे हुई दोनों की मुलाकात?

मोनालिसा के पति ने बताया कि दोनों की मुलाकात करीब छह महीने पहले एक फिल्म के कलाकार चयन के दौरान हुई थी। उसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया। उन्होंने बताया कि वह फिल्म से जुड़े काम के कारण अक्सर केरल और चेन्नई के बीच आते-जाते रहते हैं और कुछ तमिल फिल्मों में भी काम कर चुके हैं।

केरल के मंदिर में हुई शादी

दोनों ने बुधवार को केरल के पूवार इलाके में अरुमन्नूर स्थित नैनार मंदिर में शादी की। इस अवसर पर केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी, माकपा के प्रदेश सचिव एम. वी. गोविंदन, सांसद ए. ए. रहीम और पार्टी के कई अन्य नेता भी मौजूद थे। दंपति ने शादी में मदद करने के लिए केरल सरकार और पुलिस का आभार भी जताया।

करियर को लेकर क्या है आगे का प्लान

जब उनसे पूछा गया कि क्या वे केरल में ही रहने वाले हैं, तो पति ने कहा कि यह फैसला उनकी पत्नी की इच्छा पर निर्भर करेगा। मोनालिसा ने कहा कि उन्हें केरल बहुत पसंद है और वह यहीं रहना चाहती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी एक फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और दूसरी फिल्म पर अभी काम चल रहा है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सMonalisa Marriage Controversy: क्या शादी के लिए मोनालिसा ने बदला धर्म? लव जिहाद के सवालों पर दिया ये जवाब
More