
Heavy rains lash Mumbai: दिवाली से ठीक पहले 16 अक्टूबर को मुंबई के मौसम में बदलाव देखने को मिला। सुबह से ही मुंबई तेजी गर्मी का असर देखा गया। लोग उमस से परेशान थे। हालांकि शाम तक मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिले में जोरदार बारिश देखने को मिली। जिससे मुंबईकरों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज (16 अक्टूबर) और कल (17 अक्टूबर) के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस बारिश से लोगों को भले ही राहत मिली हो, लेकिन ठाणे, अंधेरी, बांद्रा और दक्षिण मुंबई में लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा।
अंधेरी, घाटकोपर, पवई, मुलुंड, ठाणे में जोरदार बारिश हो रही है। जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या शुरू हो गई है। 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, धुले, जलगांव, नासिक,पुणे, सतारा, बीड़ समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
भारी बारिश की वजह से मुंबईकरों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। फ्री प्रेस जर्नल में छपी खबर के मुताबिक, गोरेगांव डिंडोशी, कोटक इनफिनिटी से ओबेरॉय तक की सड़क पर जाम लगा हुआ है। ऐसे ही दक्षिण मुंबई में जेजे फ्लाईओवर पर एक किलोमीटर से भी ज़्यादा लंबा जाम लगा हुआ है।