Mumbai Rain Havoc: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कल से मूसलाधार बारिश हो रही है। मुंबई के निचले इलाके पानी से जलमग्न हो गए हैं। अंधेरी, जोगेश्वरी, गोरेगांव, मलाड कांदिवली, बोरीवली, दहिसर, विले पार्ले, सांताक्रूज, बांद्रा समेत पश्चिमी उपनगरों के सभी इलाकों में भारी बारिश जारी है। मुंबई के पश्चिमी उपनगरों में आधी रात को भारी बारिश हुई। उसके बाद सुबह फिर से बारिश तेज हो गई है। पश्चिमी उपनगरों में भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है।
अंधेरी सबवे में चार से पांच फीट पानी भर गया है। अंधेरी सबवे से वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। ठाणे में आधी रात से हो रही भारी बारिश अब थम गई है। अब तक 137.12 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।
देरी से चल रही हैं लोकल ट्रेनें
मुंबई में बारिश से तीनों लोकल लाइनें प्रभावित हुई हैं। सेंट्रल रेलवे पर ट्रेन सर्विस लगभग 15 से 20 मिनट देरी से चल रही हैं। हार्बर लाइन पर सबअर्बन ट्रेन सर्विस भी 15 से 20 मिनट देरी से चल रही हैं। अभी की जानकारी के अनुसार वेस्टर्न रेलवे की सर्विस 5 से 10 मिनट देरी से चल रही हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। साथ ही चेतावनी दी है कि 2 और 3 जुलाई को मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ जिलों में भारी बारिश होगी।
जुलाई के पहले सप्ताह में और बढ़ सकती है बारिश
मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई के पहले सप्ताह में मुंबई और कोंकण क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। मजबूत पश्चिमी हवाओं के कारण बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
भारी बारिश से कई इलाकों में गिरे पेड़
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, जिससे ट्रैफिक जाम लग गया। अंधेरी इलाके के DN नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक पेड़ उखड़कर मुख्य सड़क पर गिर गया, जिससे रास्ता बंद हो गया। अंधेरी में स्वामी विवेकानंद (SV) रोड पर एक और बड़ा पेड़ गिरने से एक अहम सड़क मार्ग बंद हो गया।
मलबे को हटाने और आवाजाही बहाल करने के लिए मशीनों के साथ फ़ायर ब्रिगेड की टीमों और सिविक स्टाफ़ को तैनात किया गया है। वहीं BKC समेत कई अन्य इलाकों में भारी जलभराव हो गया। बारिश का पानी रेलवे ट्रैक पर भरने के कारण लोकल ट्रेन सेवाएं देरी से चल रही हैं। वहीं चेंबूर में भारी बारिश की वजह से 30 जून को एक पेड़ स्कूल की मिनी बस के ऊपर गिर गया। इसमें एक बच्चे की मौत हो गई और 12 बच्चे घायल हो गए।
मुंबई में कितनी हुई बारिश?
मुंबई महानगार पालिका से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह 8 बजे से बुधवार सुबह 8 बजे के बीच पूर्वी उपनगरों में औसतन 109 मिमी बारिश हुई, इसके बाद पश्चिमी उपनगरों में 87 मिमी और आइलैंड सिटी में 86 मिमी बारिश दर्ज की गई। मुंबई शहर और उसके आस-पास के इलाकों में आम तौर पर बादल छाए रहेंगे।
शहर और आस-पास के इलाकों में भारी बारिश की भी उम्मीद है। कुछ इलाकों में बहुत ज़्यादा भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी उपनगरों में बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स इलाके में 132.4 mm, बोरीवली में 126 mm बारिश हुई। BMC ने बताया कि दिंडोशी फायर स्टेशन पर लगे रेन गेज में 123 mm बारिश दर्ज की गई।
लो टाइड : शाम 07:16 बजे - 1.91 मीटर
हाई टाइड : दोपहर 01:10 बजे - 04:22 मीटर
जुलाई के पहले सप्ताह में और बढ़ सकती है बारिश
मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई के पहले सप्ताह में मुंबई और कोंकण क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। मजबूत पश्चिमी हवाओं के कारण बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।