नीट सुपर स्पेशलिटी (NEET SS) प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का इंतजार खत्म हो गया है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज़ (NBEMS) ने NEET SS Admit Card 2025 जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। NBEMS ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड केवल ऑनलाइन माध्यम से ही उपलब्ध होगा और डाक के जरिए कोई भी हॉल टिकट नहीं भेजा जाएगा।
26-27 दिसंबर को दो शिफ्ट में परीक्षा का आयोजन
NBEMS की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार NEET SS 2025 परीक्षा 26 दिसंबर और 27 दिसंबर 2025 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोनों दिनों में दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड पर दी गई शिफ्ट, रिपोर्टिंग टाइम और परीक्षा केंद्र के पते को ध्यानपूर्वक पढ़ लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा केंद्र पर QR कोड या बारकोड के जरिए भी सत्यापन किया जाएगा।
डाउनलोड प्रक्रिया और जरूरी दिशा-निर्देश
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को वेबसाइट पर लॉगिन कर यूजर आईडी और पासवर्ड दर्ज करना होगा। एडमिट कार्ड में उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर, परीक्षा तिथि, शिफ्ट टाइम, परीक्षा केंद्र का पता और महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए होंगे। परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचना अनिवार्य है। देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या कोई भी प्रतिबंधित वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर उम्मीदवार को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है।