नेहा कक्कड़ ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर कुछ भावुक स्टोरीज शेयर कीं, जिससे फैंस हैरान रह गए। हालांकि, कुछ ही मिनटों में उन्होंने ये स्टोरीज डिलीट कर दीं, जिससे लोगों की उलझन और बढ़ गई।
पहली स्टोरी में नेहा ने लिखा, “अब जिम्मेदारियों, रिश्तों, काम और हर उस चीज से ब्रेक लेने का समय आ गया है, जिसके बारे में मैं अभी सोच सकती हूं। मुझे नहीं पता कि मैं वापस आऊंगी या नहीं। धन्यवाद।”
दूसरी स्टोरी में उन्होंने लिखा, “मैं पैपराजी और फैंस से अनुरोध करती हूं कि मेरी कोई भी फोटो या वीडियो न बनाएं। मेरी प्राइवेसी का सम्मान करें और मुझे शांति से जीने दें। कृपया कैमरे बंद रखें। यही आप मेरे मानसिक सुकून के लिए कर सकते हैं।”
नेहा ने ये स्टोरीज क्यों पोस्ट कीं, इस बारे में इंटरनेट पर कोई साफ जानकारी नहीं है। माना जा रहा है कि यह भावनात्मक स्थिति उनके हालिया गाने कैंडी शॉप को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग की वजह से हो सकती है।
15 दिसंबर को रिलीज हुआ कैंडी शॉप नेहा और उनके भाई टोनी कक्कड़ का नया गाना है। गाने को सोशल मीडिया पर काफी आलोचना झेलनी पड़ी। कई लोगों ने इसे “क्रिंज”, “अश्लील” बताया और कहा कि यह इंटरनेशनल पॉप, खासकर K-पॉप, की नकल करने की नाकाम कोशिश है। गाने के डांस मूव्स और स्टाइलिंग को लेकर भी लोगों ने नाराज़गी जताई।
यह पहली बार नहीं है जब नेहा सार्वजनिक रूप से भावुक हुई हों। 2025 की शुरुआत में मेलबर्न में हुए एक कॉन्सर्ट के दौरान वह मंच पर रो पड़ी थीं। वह कॉन्सर्ट में देर से पहुंची थीं, जिसके बाद दर्शकों ने हूटिंग की।
नेहा ने इसकी जिम्मेदारी आयोजकों पर डाली थी, लेकिन स्टेज पर हो रही हूटिंग वह सहन नहीं कर पाईं। नेहा कक्कड़ आंख मारे, दिलबर, हौली हौली और मोरनी बांके जैसे लोकप्रिय गानों के लिए जानी जाती हैं। वह इस समय म्यूज़िक रियलिटी शोज़ में जज की भूमिका भी निभा रही हैं।