Explosion in Crans-Montana: स्विट्जरलैंड में नए साल के जश्न के दौरान एक बार में हुए धमाके के बाद लगी भीषण आग में कई लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। स्विस पुलिस ने बताया कि धमाका क्रान्स-मोंटाना के स्की रिसॉर्ट शहर में स्थित ले कॉन्सेटेलेशन बार में हुआ। पुलिस प्रवक्ता गैटन लैथियन ने बताया, ‘‘बुधवार देर रात को करीब डेढ़ बजे ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ नामक बार में आग लग गई। इमारत में सौ से अधिक लोग मौजूद थे और हमें घटना में कई लोगों के घायल होने और कई व्यक्तियों के मरने की सूचना मिली है।’’
एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि कम 10 लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई लोग घायल हो गए हैं। पुलिस प्रवक्ता लैथियन ने बताया कि घटना से प्रभावित हुए लोगों के परिजनों की मदद के लिए एक सहायता केंद्र और हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। लैथियन ने कहा, ‘‘हम अभी अपनी जांच के शुरुआती चरण में हैं। यह एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट है जहां बहुत सारे पर्यटक आते हैं।’’
पुलिस ने क्रान्स-मोंटाना में सुबह 10 बजे एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। क्रान्स-मोंटाना स्विस आल्प्स के मध्य में स्थित है, जो मैटरहॉर्न से मात्र 40 किलोमीटर उत्तर में है। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे। कई एंबुलेंस तैनात की गईं, जबकि घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एयर-ग्लेशियर्स हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करना पड़ी।
हेल्पलाइन नंबर हुआ जारी
पुलिस ने पीड़ितों के परिजनों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 0848 112 117 जारी किया है। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। विस्फोट किन कारणों से हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है। क्रांस-मोंटाना में बड़ी संख्या में पर्यटक नए साल का जश्न मनाने पहुंचे थे। फॉरेंसिक टीमें मौके से सबूत जुटा रही हैं और बार में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।
स्विट्जरलैंड का मशहूर टूरिस्ट स्पॉट
स्विस ऑल्प्स के बीच में बसा क्रान्स-मोंटाना एक बहुत ही मशहूर टूरिस्ट स्पॉट है, जो स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग और गोल्फ जैसी एक्टिविटीज के लिए दुनिया भर से लोगों को आकर्षित करता है। यह जगह स्विट्जरलैंड की राजधानी बर्न से लगभग दो घंटे की दूरी पर है। यहां हर साल नए साल के जश्न पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। पुलिस ने बताया कि धमाका जब हुआ, लोग नए साल का जश्न मना रहे थे।