सोशल मीडिया पर वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की एक तस्वीर वायरल होने के बाद Nike Tech Fleece को लेकर लोगों की दिलचस्पी अचानक बढ़ गई। यह तस्वीर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Social Truth पर पोस्ट की थी। तस्वीर में मादुरो को गिरफ्तार अवस्था में USS Iwo Jima जहाज पर न्यूयॉर्क ले जाते हुए दिखाया गया था।
मादुरो की गिरफ्तारी और वायरल ड्रेस
तस्वीर में मादुरो की आंखों पर पट्टी थी, उन्होंने साउंडप्रूफ हेडफोन पहने थे और हाथों में हथकड़ी लगी थी। हाथ में पानी की बोतल थी। लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान उनके कपड़ों ने खींचा। उन्होंने Nike Tech Fleece का ट्रैकसूट पहन रखा था।
जानें Nike Tech Fleece के बारे में
Nike Tech Fleece को पहली बार 2013 में Nike के Tech Pack Collection के तहत लॉन्च किया गया था। यह हल्का, स्टाइलिश और आरामदायक होने के लिए जाना जाता है। हाल के महीनों में यह ज्यादा ट्रेंड में नहीं था, लेकिन अमेरिका-वेनेजुएला तनाव के बीच वायरल तस्वीर ने इसे फिर से चर्चा में ला दिया।
कहां मिलेगा और क्या है कीमत?
Nike Tech Fleece ट्रैकसूट Nike की ग्लोबल वेबसाइट और Foot Locker जैसे चुनिंदा रिटेल स्टोर्स पर उपलब्ध है। भारत में मादुरो जैसी दिखने वाली Nike Tech Full-Zip Windrunner Hoodie की कीमत लगभग ₹6,995 है।
कंपनी के अनुसार, यह प्रोडक्ट कम से कम 50% सस्टेनेबल मटीरियल से बना है, जिसमें रिसाइकल्ड पॉलिएस्टर और ऑर्गेनिक कॉटन का इस्तेमाल किया गया है। यह Nike की Windrunner जैकेट से प्रेरित है और Tech Fleece फैब्रिक से बनी है, जो दोनों तरफ से गर्म और मुलायम होती है।
अमेरिका-वेनेजुएला तनाव
इस बीच अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। Reuters के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मादुरो को एक छापेमारी में पकड़ने के बाद अमेरिका ने वेनेजुएला को अस्थायी तौर पर अपने नियंत्रण में ले लिया है। मादुरो को ड्रग तस्करी के आरोपों का सामना करने के लिए न्यूयॉर्क लाया गया है।
ट्रंप ने कहा, “हम देश को तब तक चलाएंगे जब तक सुरक्षित और सही तरीके से सत्ता का हस्तांतरण नहीं हो जाता।” उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया के तहत अमेरिकी तेल कंपनियां वेनेजुएला के तेल ढांचे को सुधारेंगी, जिसमें विशेषज्ञों के अनुसार कई साल लग सकते हैं।