Viral Video: 'जय हो' का संगीत रहमान ने नहीं दिया? राम गोपाल वर्मा का पुराना इंटरव्यू वायरल

क्या स्लमडॉग मिलयनेयर का मशहूर गाना जय हो का संगीत एआर रहमान ने नहीं दिया? बीबीसी को दिए रहमान के इंटरव्यू के बाद डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा का एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में वर्मा जो कह रहे हैं, उससे साफ-साफ पता चलता है कि जय हो का संगीत रहमान ने नहीं दिया है।

एडिटेड बाय Naveen Kumar Pandey( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
अपडेटेड21 Jan 2026, 07:46 PM IST
रामगोपाल वर्मा का पुराना इंटरव्यू वायरल।
रामगोपाल वर्मा का पुराना इंटरव्यू वायरल।

फिल्म 'स्मलडॉग मिलनेयर' का गाना 'जय हो', जिसके लिए संगीतकार एआर रहमान को एकेडमी अवॉर्ड मिला था, उसे दरअसल सुखविंदर सिंह ने बनाया था ना कि रहमान ने। हिंदी फिल्मों के मशहूर डायरेक्टर रामगोपाल वर्मा के एक पुराने इंटरव्यू का वह क्लिप वायरल हो गया है जिसमें वर्मा बता रहे हैं कि आखिर 'जय हो' गाना बना कैसे था। हालांकि, अपना पुराना बयान वायरल होने पर रामगोपाल वर्मा ने सफाई दी और कहा कि एआर रहमान शानदार इंसान और बड़े संगीतकार हैं।

वायरल बयान पर आई रामगोपाल वर्मा की सफाई

फिल्मकार रामगोपाल वर्मा ने संगीतकार एआर रहमान को अच्छा इंसान बताते हुए बुधवार को स्पष्ट किया कि एक पुराने साक्षात्कार के जरिए उनके बयान को गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा है। इस साक्षात्कार में वह इस बारे में बात कर रहे हैं कि कैसे रहमान ने ऑस्कर विजेता फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' का गीत 'जय हो' तैयार किया था।

सांप्रदायिकता वाले बयान पर घिरे एआर रहमान

रहमान को 'बीबीसी एशियन नेटवर्क' के एक इंटरव्यू में यह कहने पर आलोचना झेलनी पड़ी कि पिछले आठ साल में हिंदी सिनेमा में उनके पास काम कम हो गया है। उन्होंने इसका कारण इंडस्ट्री की सोच में आए बदलाव को बताया और यह भी संकेत दिया कि ऐसा शायद 'साम्प्रदायिक कारणों' से भी हो सकता है।

रामगोपाल वर्मा के पुराना इंटरव्यू हुआ वायरल

सोशल मीडिया पर वर्मा के पुराने साक्षात्कार का एक क्लिप प्रसारित हुआ है, जिसमें ऐसा लगता है कि उन्होंने संकेत दिया कि रहमान ने 'जय हो' नहीं बनाया, और गायक सुखविंदर सिंह ने इस गाने के संगीत के साथ-साथ अपनी आवाज भी दी। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर ट्रेंड करने के बीच वर्मा ने एक पोस्ट साझा कर कहा कि उनका गलत उद्धरण दिया जा रहा है।

रामगोपाल वर्मा ने सफाई में क्या कहा, जानिए

फिल्मकार ने लिखा, 'सभी संबंधित लोगों के लिए... मुझे 'जय हो' गाने के मामले में गलत तरीके से उद्धृत किया जा रहा। मेरी राय में एआर रहमान सबसे बड़े संगीतकार और सबसे अच्छे इंसान हैं जिनसे मैं मिला हूं, और वह आखिरी व्यक्ति होंगे जो किसी का श्रेय छीनेंगे। मुझे उम्मीद है कि इस बयान से सारी नकारात्मकता खत्म हो जानी चाहिए।'

जब सुभाष घई से हुई थी एआर रहमान की तीखी बहस

वर्मा ने यह भी कहा कि उनकी फिल्म 'रंगीला' में रहमान ने शानदार संगीत दिया था। छोटे से वीडियो क्लिप में, वर्मा एक घटना का वर्णन करते हैं जब रहमान ने फिल्मकार सुभाष घई की 2008 में आई फिल्म 'युवराज' पर काम किया था। इसमें सलमान खान और कैटरीना कैफ ने अभिनय किया था। वर्मा ने कहा, 'रहमान देरी के लिए जाने जाते हैं। सुभाष घई ने रहमान को संदेश भेजा। उन्होंने कहा 'मेरे पास सलमान खान और कैटरीना कैफ के लिए तारीखें हैं। मेरे पास पूरा सेट है। अगर आप मुझे गाने नहीं देंगे तो क्या होगा?' उन्होंने रहमान को बहुत ही तीखा पत्र भेजा, उस समय वह लंदन में थे। तो रहमान ने फोन किया और कहा 'मैं मुंबई आऊंगा। मुंबई में सुखविंदर सिंह स्टूडियो आइए। मैं वहां आकर आपका गाना गाऊंगा।'

सुखविंदर सिंह ने दिया था 'जय हो' का संगीत

वर्मा ने बताया कि इसके दो दिन बाद तीनों सिंह के स्टूडियो में मिले। वर्मा ने कहा, 'रहमान आए और सुभाष घई के सामने ही सुखविंदर से पूछा, 'क्या आपने संगीत दिया है?' सुखविंदर ने हां कहा और एक गाना सुनाया। रहमान ने कहा कि उन्हें गाना पसंद आया और पूछा कि क्या सुभाष को भी पसंद आया। सुभाष नाराज हो गए और रहमान पर चिल्लाने लगे, ‘मैं आपको इसके लिए 3 करोड़ रुपये दे रहा हूं...मैं सुखविंदर से भी करवा सकता हूं, मुझे आपकी क्या जरूरत है?’

यह भी पढ़ें | सांप्रदायिक टिप्पणी विवाद पर एआर रहमान के बयान पर परेश रावल ने दी प्रतिक्रिया

एआर रहमान ने कहा था- काम के लिए नहीं, मेरे नाम के लिए दिए पैसे

रामगोपाल वर्मा इंटरव्यू में बता रहे हैं कि रहमान ने सुभाष घई के सामने कितनी अकड़ दिखाई थी। वर्मा ने कहा, 'रहमान ने जवाब दिया 'आराम से बात कीजिए। आप मेरे काम के लिए नहीं, मेरे नाम के लिए पैसे दे रहे हैं। भ्रमित मत हों...' इसके बाद रहमान चेन्नई चले गए। वर्मा के अनुसार, रहमान ने बाद में सिंह को फोन किया और उनसे गाना पूरा करने को कहा।

'जय हो' के लिए रहमान ने सुखविंदर सिंह को दिए थे पांच लाख रुपये

वर्मा ने साक्षात्कार में कहा, 'एक साल बाद रहमान के मैनेजर ने सुखविंदर को पांच लाख रुपये का चेक भेजा। सुखविंदर ने पूछा क्यों? मैनेजर ने कहा, 'आपने रहमान के लिए एक गाना बनाया था और उन्होंने उसे एक पार्टी को बेच दिया, और ये पांच लाख रुपये आपका हिस्सा है।' रहमान ने वो गाना किसे बेचा था? 'स्लमडॉग मिलियनेयर' और गाना 'जय हो'।'

'जय हो' के संगीत के लिए रहमान को मिला था ऑस्कर अवॉर्ड

रहमान को 'जय हो' गीत के लिए सर्वश्रेष्ठ गीत का अकादमी पुरस्कार मिला, जिसे उन्होंने गीतकार गुलजार के साथ साझा किया। डैनी बॉयल द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अपने संगीत के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ संगीत का ऑस्कर भी मिला।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सViral Video: 'जय हो' का संगीत रहमान ने नहीं दिया? राम गोपाल वर्मा का पुराना इंटरव्यू वायरल
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सViral Video: 'जय हो' का संगीत रहमान ने नहीं दिया? राम गोपाल वर्मा का पुराना इंटरव्यू वायरल