OPEN AI: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी ओपनएआई (Open AI) ने हाल ही में घोषणा की है कि वे इस साल के अंत तक नई दिल्ली में अपना पहला भारतीय कार्यालय खोलने जा रहे हैं। ChatGPT की पेरेंट कंपनी OpenAI ने शुक्रवार को ये जानकारी दी।
यह कदम दिखाता है कि भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ChatGPT को लोग कितना पसंद कर रहे हैं। भारत, अमेरिका के बाद ChatGPT के लिए दूसरा सबसे बड़ा और सबसे तेजी से बढ़ता हुआ बाजार है।
क्यों भारत आ रहा है OpenAI?
कंपनी ने बताया कि उन्होंने भारत में अपनी एक आधिकारिक इकाई बना ली है और अब वे एक स्थानीय टीम भी नियुक्त कर रहे हैं। इस पहल के पीछे उनका मकसद भारत सरकार के "India-AI मिशन" को समर्थन देना और भारत के लिए AI बनाने में सहयोग करना है।
ओपनएआई के सीईओ ने बयान में क्या कहा?
OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने खुद कहा है कि भारत में AI को लेकर जो जोश और संभावनाएं हैं, वह अविश्वसनीय है। उनके अनुसार, “भारत में वैश्विक AI लीडर बनने के लिए वो सब कुछ है जो चाहिए: बेहतरीन टैलेंट, शानदार डेवलपर माहौल और सरकार का मजबूत समर्थन।”
यह खबर ऐसे समय में आई है जब OpenAI ने भारतीय बाजार के लिए कई नई पहलें शुरू की हैं, जैसे ChatGPT Go, OpenAI Academy और भारतीय भाषाओं के लिए बेहतर समर्थन।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री का बयान
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि OpenAI का भारत में आना देश के डिजिटल इनोवेशन और AI के क्षेत्र में बढ़ती हुई लीडरशिप को दर्शाता है।
इस ऑफिस के खुलने से OpenAI स्थानीय पार्टनर, सरकार, बिजनेस और शैक्षणिक संस्थानों के साथ बेहतर तरीके से काम कर पाएगा।