Operation Sindoor Debate Loksabha: संसद के मानसून सत्र के दूसरे सप्ताह की शुरुआत आज एक अहम चर्चा के साथ होगी। लोकसभा में आज दोपहर 12 बजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आतंकवाद के खिलाफ भारत की कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बयान देंगे। ये चर्चा पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में भारत द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई पर केंद्रित होगी।
इस विशेष चर्चा के लिए लोकसभा में 16 घंटे का समय तय किया गया है, जिससे यह बहस तीन दिन तक चल सकती है। राज्यसभा में इसी मुद्दे पर मंगलवार को चर्चा होगी,जिसके लिए नौ घंटे निर्धारित किए गए हैं। चर्चा में रक्षा मंत्री के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भाग लेने की संभावना है।
सरकार को घेरने की कोशिश करेगा विपक्ष
विपक्ष इस मौके पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। खासतौर पर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत-पाक के बीच मध्यस्थता के दावे को लेकर सवाल उठाए जा सकते हैं। विपक्ष का कहना है कि सरकार को इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। वहीं, सरकार का पक्ष है कि पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) के संपर्क के बाद ही संघर्षविराम पर सहमति बनी थी।
पहलगाम हमला 22 अप्रैल को हुआ था, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की जान गई थी। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए। इस ऑपरेशन को लेकर देशभर में चर्चा है, और अब संसद में भी इस पर बहस होने जा रही है।
संसद का मानसून सत्र पहले ही काफी घटनाक्रमों से भरा रहा है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अचानक इस्तीफा दे दिया, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई। इसके अलावा विपक्ष ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण पर भी चर्चा की मांग की है, जिससे पिछले सप्ताह सदन की कार्यवाही बाधित हुई थी। अब सबकी निगाहें आज दोपहर लोकसभा पर टिकी हैं, जहां राजनाथ सिंह के बयान के साथ इस बहस की शुरुआत होगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार और विपक्ष इस मुद्दे पर कैसे आमने-सामने आते हैं।