ICC T20 World Cup: 20 क्रिकेट वर्ल्ड कप से बांग्लादेश की विदाई तो हो चुकी है, क्या पाकिस्तान भी इसमें भाग नहीं लेगा? पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने यह फैसला अभी टाल दिया है। पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने इस संबंध में रायशुमारी के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की, लेकिन कुछ फैसला नहीं हो पाया।
शुक्रवार या सोमवार को फैसला लेगा पीसीबी
नकवी ने शरीफ के साथ मीटिंग के बाद कहा कि पीसीबी पुरुषों के टी20 विश्व कप में हिस्सा लेने पर आखिरी फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को लेगा। नकवी ने सोशल मीडिया पर इस बात की पुष्टि की कि सोमवार को प्रधानमंत्री के साथ उनकी मुलाकात के दौरान इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। नकवी ने ट्वीट किया, 'मेरी प्रधानमंत्री के साथ लंबी बैठक हुई और मैंने उन्हें आईसीसी मामले के बारे में बताया। उन्होंने निर्देश दिया कि हम सभी विकल्पों पर विचार करते हुए इसे सुलझाएं।' उन्होंने कहा, 'यह तय हुआ कि आखिरी फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को लिया जाएगा।'
बांग्लादेश के समर्थन में है पाकिस्तान
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने नकवी से कहा कि पाकिस्तान को बांग्लादेश को हर संभव मदद देनी चाहिए जिसे हाल में 7 फरवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री को कई स्थितियों के बारे में बताया गया जिसमें पाकिस्तान का विश्व कप के लिए अपनी टीम नहीं भेजना या टूर्नामेंट में हिस्सा लेना लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करना शामिल है।
बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड खेलेगा वर्ल्ड कप
पीसीबी ने पहले कहा था कि बांग्लादेश के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद बदलती स्थिति को देखते हुए सरकार ही इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी पर आखिरी फैसला लेगी। 20 टीम के इस टूर्नामेंट में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है। बांग्लादेश ने भारत में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अपने मैच श्रीलंका में स्थानांतरित करने की मांग की थी लेकिन आईसीसी ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया और कहा कि ऐसा कोई भी पुख्ता खतरा मौजूद नहीं है।