Delhi Old Vehicle Rules: दिल्ली में पुराने वाहनों पर लगे बैन को लेकर सरकार ने CAQM को पत्र लिखा है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने Commission for Air Quality Management (CAQM) को पत्र लिखकर Direction No. 89 के क्रियान्वयन को तत्काल प्रभाव से रोकने की मांग की है।
Direction No. 89 के तहत 15 साल से अधिक पुरानी पेट्रोल गाड़ियों और 10 साल से अधिक पुरानी डीजल गाड़ियों को ईंधन देने से मना किया गया था। यह आदेश 1 जुलाई से लागू हुआ था, जिससे राजधानी में लाखों वाहन मालिकों की चिंता बढ़ गई थी।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने लिखा पत्र
मनजिंदर सिंह सिरसा ने पत्र में लिखा कि Direction No. 89 के क्रियान्वयन को तत्काल प्रभाव से रोका जाए, जब तक कि Automatic Number Plate Recognition (ANPR) सिस्टम पूरे NCR में पूरी तरह से लागू नहीं हो जाता। हमें विश्वास है कि दिल्ली सरकार के बहुआयामी प्रयासों से वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
ANPR सिस्टम में हैं कई खामिया
सरकार का कहना है कि फिलहाल ANPR सिस्टम में तकनीकी खामियां हैं — जैसे कैमरा प्लेसमेंट, डेटा इंटीग्रेशन और पड़ोसी राज्यों के साथ समन्वय की कमी। ऐसे में अगर दिल्ली में ही यह नियम लागू किया गया तो लोग गुरुग्राम, नोएडा जैसे इलाकों से ईंधन भरवा सकते हैं, जिससे अवैध ईंधन बाजार को बढ़ावा मिल सकता है।
बता दें कि इस मुद्दे पर दिल्ली हाईकोर्ट में भी सुनवाई चल रही है, जहां पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन ने याचिका दायर कर कहा है कि निजी ईंधन स्टेशनों को इस तरह की कानूनी जिम्मेदारी देना अनुचित और अव्यावहारिक है।