Petrol Diesel Price Today: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव के बीच देश में आज, 16 अप्रैल को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया है। गुरुवार को देश के विभिन्न शहरों में पेट्रोल-डीजल अपने पुराने रेट पर बेचे जा रहे हैं। हालांकि, यह शांति एक बड़े आर्थिक दबाव की ओर इशारा कर रही है। एक तरफ अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव पर सीजफायर की उम्मीदों ने ग्लोबल मार्केट को थोड़ा स्थिर किया है, तो दूसरी तरफ घरेलू बाजार में तेल कंपनियों पर बढ़ता बोझ आने वाले दिनों में आम आदमी की जेब पर भारी पड़ सकता है।
तेल कंपनियों को हो रहा भारी नुकसान
भारतीय तेल कंपनियां भले ही रिटेल मार्केट में तेल की कीमतों को स्थिर किए हुए हैं, लेकिन ग्लोबल सप्लाई चेन बाधित होने से इनपर दबाव पढ़ता जा रहा है। सूत्रों की मानें तो भारत में पहली बार सरकारी तेल कंपनियां रिफाइनरियों से रियायती दरों पर पेट्रोल और डीजल खरीदेंगी। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि आम जनता के लिए कीमतों को बढ़ने से रोका जा सके। मैक्वेरी ग्रुप की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, तेल कंपनियां प्रति लीटर पेट्रोल पर 18 रुपये और डीजल पर करीब 35 रुपये का भारी नुकसान उठा रही हैं। कच्चे तेल में हर 10 डॉलर की बढ़ोतरी कंपनियों के मार्केटिंग घाटे में 6 रुपये प्रति लीटर का इजाफा कर देती है।
देश में चुनाव की वजह से नहीं बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दाम?
एक्सपर्ट्स का कहना है कि देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सरकार खुदरा पेट्रोल-डीजल की कीमतों को स्थिर रखने की कोशिश कर रही है। चुनाव प्रक्रिया खत्म होते ही इनकी कीमतों में उछाल देखा जा सकता है। । फिलहाल कंपनियां और सरकार मिलकर इस बढ़ते घाटे को झेल रही हैं, लेकिन लंबे समय तक इतने बड़े नुकसान की भरपाई करना मुश्किल होगा। ऐसे में आने वाले हफ्तों में वाहन चालकों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ सकती है।
देश के प्रमुख शहरों में आज पेट्रोल-डीजल का रेट 16 अप्रैल 2026
आज दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर है, जबकि डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 103.54 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बेचा जा राह है, जबकि डीजल 90.03 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल 105.45 रुपये और डीजल 92.02 रुपये प्रति लीटर की दर पर उपलब्ध है। चेन्नई में पेट्रोल 100.84 रुपये और डीजल 92.39 रुपये प्रति लीटर है। अहमदाबाद में पेट्रोल 94.49 रुपये और डीजल 90.16 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। हैदराबाद में पेट्रोल की कीमत 107.46 रुपये प्रति लीटर है, जबकि डीजल 95.70 रुपये प्रति लीटर चल रहा है। पटना में पेट्रोल 105.71 रुपये और डीजल 91.49 रुपये प्रति लीटर की दर पर बेचा जा रहा है। बेंगलुरु में पेट्रोल 102.96 रुपये और डीजल 90.99 रुपये प्रति लीटर उपलब्ध है। लखनऊ में पेट्रोल की कीमत 95.34 रुपये और डीजल 88.50 रुपये प्रति लीटर चल रही है।